विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Exclusive: अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्कर शाहबाज अंसारी समेत 7 पर UAPA के तहत चलेगा केस, LG ने दी मंजूरी

Published: Mon, 21 Sep 2026 12:06 PM (IST)

उप राज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्कर शाहबाज अंसारी और उसके सिंडिकेट के सात सदस्यों पर यूएपीए के तहत मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है।

शाहबाज अंसारी पर यूएपीए के तहत चलेगा केस। फोटो: आर्काइव एवं एआई।

शाहबाज अंसारी पर यूएपीए के तहत चलेगा केस। फोटो: आर्काइव एवं एआई।

HighLights

  1. उप राज्यपाल ने शाहबाज अंसारी सिंडिकेट पर यूएपीए मंजूरी दी

  2. सिंडिकेट के सात तस्करों पर यूएपीए के तहत मुकदमा चलेगा

  3. क्राइम ब्रांच ने 20 आरोपितों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किए

राकेश कुमार सिंह, नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्कर शाहबाज अंसारी समेत उसके सिंडिकेट के सात तस्करों पर यूएपीए के तहत मुकदमा चलाने की मंजूरी उप राज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दे दी है।

अंसारी अभी बांग्लादेश में छिपकर रह रहा है और उसे भगोड़ा घोषित किया जा चुका है। एलजी ने सोमवार को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को यूएपीए के तहत मुकदमा चलाने की मंजूरी देने का आदेश जारी किया।

26 अगस्त को दाखिल हो चुका आरोप पत्र

सातों के खिलाफ 26 अगस्त को राउज एवेन्यू स्थित यूएपीए की स्पेशल कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया गया था। अब एलजी की मंजूरी मिलने के बाद इन आरोपितों पर यूएपीए के तहत मुकदमा चलाने का रास्ता साफ हो गया है। ये सभी शाहबाज अंसारी के सीधे संपर्क में थे।

मई में क्राइम ब्रांच ने खोला था सिंडिकेट

क्राइम ब्रांच ने इस अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ मई में किया था। जांच के दौरान नेटवर्क के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ से जुड़े होने की जानकारी सामने आने के बाद क्राइम ब्रांच ने पूरे सिंडिकेट पर यूएपीए लगाया था।

20 आरोपित गिरफ्तार, 33 विदेशी हथियार बरामद

क्राइम ब्रांच अब तक इस सिंडिकेट से जुड़े 20 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। उनके कब्जे से चेकोस्लोवाकिया समेत कई देशों के 33 विदेशी अत्याधुनिक हथियार और 365 कारतूस बरामद किए गए हैं।

पांच आरोपित सीधे अंसारी के संपर्क में

फिलहाल अंसारी, रेहान, कामरान, इमरान और वसीम आदि के खिलाफ यूएपीए में आरोप पत्र दाखिल कर एलजी से मुकदमा चलाने की मंजूरी ली गई है। ये सभी सीधे शाहबाज अंसारी के संपर्क में थे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के सदर बाजार में दुकान के अंदर छठी कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार