दिल्लीवालों को सौगात, आनंद विहार समेत 5 जगहों पर EV चार्जिंग स्टेशन शुरू; सड़कों पर दौड़ेंगी 150 नई बसें
दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने और प्रदूषण कम करने के लिए 150 नई डीटीसी इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर ...और पढ़ें

आनंद विहार आईएसबीटी से इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाते केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, साथ में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता,केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा,मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा व डाॅ.पंकज कुमार सिंह। फोटो: जागरण
HighLights
दिल्ली में 150 नई डीटीसी इलेक्ट्रिक बसें शुरू हुईं
पांच बस अड्डों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन बने
प्रदूषण नियंत्रण और सार्वजनिक परिवहन सुधार पर जोर
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डीटीसी की 150 नई बसों को सड़कों पर उतारा गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि यात्रियों को बसों के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा।
इसके साथ ही बस चालकों को परेशानी न हो, इसलिए परिवहन विभाग ने बस अड्डों में ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाए हैं। यहां निजी वाहन चालक भी वाहनों को चार्ज कर सकेंगे।
150 नई इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी
पहली बार आनंद विहार बस अड्डे में ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाया गया है। बस चालकों को बस चार्ज करने के लिए कहीं भटकना नहीं पड़ेगा।
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा व परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने आनंद विहार बस अड्डे में 150 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
दिल्ली में अब इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े में 5238 बसें शामिल हो गई हैं। इसके साथ ही आनंद विहार बस अड्डा, नंद नगरी, रोहिणी सेक्टर-37, नांगलोई और केशोपुर बस डिपो में ईवी चार्जिंग स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन भी किया गया।
दिल्ली में प्रदूषण कम करने पर जोर
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि राजधानी में परिवहन व्यवस्था को सुधारा जा रहा है। दिल्ली के प्रदूषण को गंभीरता से लिया जा रहा है।सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण की चुनौती से निपटने के लिए जरूरी है कि सार्वजनिक परिवहन को तेजी से इलेक्ट्रिक मोड में बदलें और उसके लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे को भी मजबूत करें।
150 नई इलेक्ट्रिक बसों को शामिल करने और पांच स्थानों पर सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन शुरू करने से इस दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। सरकार की कोशिश है कि दिल्ली के दिलवालों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलें। प्रदूषण को कम करने के लिए दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है।
दिल्ली के बस बेड़े में 6988 बसें
दिल्ली के बस बेड़े में अब लगभग 6988 बसें हैं, जिनमें 1,750 सीएनजी बसें शामिल हैं। सीएम ने ईवी नीति के तहत मिलने वाली सब्सिडी और प्रोत्साहनों का लाभ उठाकर इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने की अपील की।
पांच बस अड्डों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन शुरू
आनंद विहार आईएसबीटी, नंद नगरी, रोहिणी सेक्टर-37, नांगलोई और केशोपुर डिपो में पांच सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन शुरू किए गए हैं।
आनंद विहार स्टेशन पर 240 किलोवाट क्षमता के आठ और 60 किलोवाट के दो चार्जर लगाए गए हैं। यहां बिजली की आपूर्ति के लिए 1,600 केवीए क्षमता का सब-स्टेशन भी बनाया गया है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के 2400 PG संचालकों को नोटिस, 15 दिन में देना होगा स्ट्रक्चरल सेफ्टी सर्टिफिकेट; MCD का बड़ा एक्शन
