दिल्ली के लक्ष्मी नगर में 50 करोड़ की महाठगी, गफ्फार ज्वेलर 200 महिलाओं का सोना लेकर फरार; EOW करेगी जांच
लक्ष्मी नगर में एक ज्वेलर पर पुराने सोने के बदले नया जेवर बिना मेकिंग चार्ज के देने का झांसा देकर ...और पढ़ें

लक्ष्मी नगर स्थित ए. गफ्फार ज्वेलर्स की दुकान में बाहर जमा लोग। जागरण
HighLights
ज्वैलर ने पुराने सोने के बदले नया जेवर देने का झांसा दिया
करीब 200 महिलाओं से 50 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी
ज्वैलर दुकान और संपत्ति बेचकर फरार, पुलिस जांच जारी
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। लक्ष्मी नगर के जे एक्सटेंशन इलाके में पुराने सोने के बदले नया जेवर देने और उस पर मेकिंग चार्ज नहीं लेने का झांसा देकर गफ्फार ज्वेलर पर करीब 200 महिलाओं समेत अन्य लोगों से 50 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने का आरोप लगा है।
आरोप है कि रकम और सोना लेने के बाद ज्वेलर ने अचानक दुकान बंद कर दी और मकान समेत अन्य संपत्तियां बेचकर फरार हो गया। रविवार शाम पीड़ित महिलाएं दुकान के बाहर जुटीं और हंगामा किया। अब तक करीब 20 महिलाओं ने पुलिस से शिकायत की है।
पुराने सोने पर नए जेवर का झांसा
पीड़ित सौरभ गुप्ता के अनुसार, वह लंबे समय से गफ्फार ज्वेलर से जुड़े थे। ज्वेलर ने पहले दुकान पर किट्टी योजना शुरू की थी, जिसमें लोग हर माह निश्चित रकम जमा करते थे।
अवधि पूरी होने पर जमा रकम से अधिक मूल्य के सोने के जेवर देने का भरोसा दिया जाता था। बाद में पुराने सोने के बदले नया जेवर देने की योजना शुरू की गई और मेकिंग चार्ज नहीं लेने की बात कही गई।
भरोसा बढ़ा तो सौंप दिए पुराने जेवर
पीड़ित महिलाओं के अनुसार, योजना के तहत कई लोगों ने अपने पुराने जेवर गफ्फार ज्वेलर को सौंप दिए। कुछ लोगों को शुरुआत में ब्याज भी दिया गया, जिससे उनका भरोसा और बढ़ गया।
करीब एक सप्ताह पहले जब लोग दुकान पर पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। आसपास के लोगों से पता चला कि ज्वेलर दुकान और मकान बेचकर वहां से चला गया है।
किसी ने दिए 12 तोले, किसी ने अधिक
एक महिला ने आरोप लगाया कि गफ्फार ज्वेलर उसका करीब 12 तोले सोना लेकर फरार हो गया। अन्य महिलाओं ने भी 12 से 15 तोले तक पुराने जेवर दिए जाने का दावा किया है।
पीड़ितों का कहना है कि करीब 200 लोगों से 50 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी हुई है। हालांकि, महिलाओं का दावा है कि रकम और लिए गए सोने का वास्तविक आंकड़ा इससे भी अधिक हो सकता है।
20 शिकायतें मिलीं, ईओडब्ल्यू करेगी जांच
डीसीपी पूर्वी जिला राजीव कुमार के अनुसार, लोगों की शिकायतें लेकर मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा को भेजी गई है। अभी करीब 20 शिकायतें मिली हैं। सभी शिकायतें मिलने के बाद कुल रकम और सोने की मात्रा का आकलन किया जा सकेगा।
जीवन भर की कमाई जोड़कर सोना दिया था। भरोसा था कि उसके बदले नया जेवर मिलेगा, लेकिन वह हमारा सोना लेकर ही फरार हो गया।
- सौरभ गुप्ता
पुराने जेवर देकर नए जेवर बिना मेकिंग चार्ज के देने की बात कही थी। परिवार की निशानी के तौर पर रखे जेवर भी उसे दे दिए। अब वह जेवर लेकर फरार है।
- सुनीता
यह भी पढ़ें- नकली सोना देकर फेडरल बैंक से ले लिया 1.46 करोड़ का गोल्ड लोन, गाजियाबाद में वैल्यूअर समेत 18 पर FIR
