यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 22, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Janta Curfew News: दिल्ली में खुले हैं सभी पेट्रोल पंप, ये सेवाएं भी नहीं की गई हैं बंद
Delhi Janta Curfew News सीएनजी फिलिंग स्टेशनों की सेवा रहेगी सामान्य दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी फिलिंग स्टेशनों की सेवा सामान्य रहेगी।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जनता कर्फ्यू (Janta Curfew) के दौरान सड़के सूनी पड़ी हैं। लोग जनता कर्फ्यू का पालन कर रहे हैं। लेकिन पेट्रोल-डीजल को लेकर ज्यादा चिंतित होने की जरूरत नहीं है। क्योंकि रविवार को भी दिल्ली में सभी पेट्रोल पंप खुले हैं और अपनी सुविधाएं दे रहे हैं। पेट्रोल पंप के सभी पंपों की जगह एक या दो पंप ही काम करते रहेंगे। दिल्ली पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन के प्रवक्ता निश्चल सिंघानिया ने बताया कि पेट्रोल पंपों को खुला रखने का निर्णय लिया गया है।
कर्मचारियों के स्वास्थ्य का ध्यान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक दिन के जनता कर्फ्यू के आह्वान को देखते हुए पेट्रोल पंपों पर कर्मचारियों की संख्या सीमित रखने का फैसला लिया गया है। वहीं, 55 वर्ष या इससे अधिक उम्र के कर्मचारियों को घर पर रहने को कहा गया है।
सीएनजी फिलिंग स्टेशनों की सेवा रहेगी सामान्य
दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी फिलिंग स्टेशनों की सेवा सामान्य रहेगी। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में 500 से अधिक सीएनजी स्टेशन हैं।
खुले रहेंगे डिस्पेंसरी, मोहल्ला क्लीनिक
कोरोना के प्रकोप के चलते सभी अस्पताल, डिस्पेंसरी, मोहल्ला क्लीनिक पूरी तरह से काम करते रहेंगे। दिल्ली सरकार ने कहा है कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट ऑपरेशन पूरी तरह से जारी रहेंगे। इसी तरह पब्लिक क्लीनिक व सैनिटेशन, फायर सर्विस, पॉवर, वाटर सप्लाई और सीवेज व पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवाएं जारी रहेंगी।
इसके अलावा राहत एवं पुनर्वास काम, इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर एंड कंट्रोल रूम, आवश्यक वस्तुएं एक्ट, इंफोर्समेंट एक्टिविटी, वेटरनिटी, नाइट शेल्टर, फूड एंड सिविल सप्लाई, सिविल डिफेंस व होम गार्ड समेत सभी विभाग की ऑपरेशन विंग पूरी तरह काम करेगी।
हौसला बढ़ाने को थाली और घंटी बजाएंगे दिल्लीवासी
कोरोना से लड़ाई के लिए जनता कर्फ्यू का पालन करने के लिए राजधानी की जनता पूरी तरह से तैयार है। गृहिणी हो या नौकरीपेशा महिला, युवा हो या बुजुर्ग सभी ने जनता कर्फ्यू के दिन घर पर रहने का संकल्प ले लिया है। बाहर न जाकर वह सरकार के फैसले का समर्थन कर रहे हैं। घर पर रहकर लोग कोरोना संक्रमण की रोक में एक-दूसरे का साथ देंगे। कुछ लोग नियमित दिनचर्या जैसे अच्छे-अच्छे पकवान, इंडोर गेम्स, फिल्म आदि का आनंद लेंगे और शाम पांच बजते ही लोग अपनी बालकनी और खिड़की पर आकर घंटी, थाली आदि बजाकर डॉक्टर व अन्य उन लोगों का सम्मान करेंगे, जो हमारे लिए दिन-रात हमारी सेवा में लगे हुए हैं।
