पिंक कार्ड से लेकर राशन कार्ड तक... CM रेखा गुप्ता ने योजनाओं का लाभ देने को लेकर दिया साफ निर्देश
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग में जन कल्याण शिविर का उद्घाटन किया, जिसका लक्ष्य केंद्र व दिल्ली सरकार की ...और पढ़ें
-1781798870033_m.webp)
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग में जन कल्याण शिविर का शुभारंभ किया।
HighLights
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शिविर का उद्घाटन किया।
केंद्र व दिल्ली सरकार की योजनाएं एक जगह।
20 जून तक 42 स्थानों पर लगेंगे शिविर।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को शालीमार बाग के संदेश विहार में जन कल्याण शिविर का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का जन कल्याण योजनाओं का अधिकतम लोगों को लाभ देने का प्रयास है। सेवा, सुविधा और समाधान के संकल्प के साथ सरकार स्वयं जनता के द्वार पहुंच रही है और लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है।
इन शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को केंद्र सरकार एवं दिल्ली सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। ये शिविर 20 जून तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक राजधानी के सभी जिलों में कुल 42 स्थानों पर संचालित होंगे।
कोई भी पात्र व्यक्ति किसी योजना के लाभ से वंचित न रहे: CM रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दिल्ली के लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। कई ऐसी सुविधाएं थीं, जो वर्षों तक दिल्लीवासियों को उपलब्ध नहीं हो सकीं। अब भाजपा सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति किसी योजना के लाभ से वंचित न रहे और शासन की सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की जन कल्याणकारी यात्रा और दिल्ली सरकार के एक वर्ष के प्रयासों का लाभ सीधे नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इन शिविरों का संचालन किया गया है। जो भी नागरिक विभिन्न योजनाओं के लिए पात्र हैं, उन्हें अब सभी विभागों द्वारा एक ही स्थान पर आवश्यक जानकारी, सहायता और पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
इस अवसर पर त्रिनगर से विधायक तिलकराम गुप्ता, जिला अध्यक्ष अजय खटाना, जिला प्रभारी योगेश अत्री, जिला अधिकारी एसएस परिहार समेत कई लोग उपस्थित रहे।
जन कल्याण शिविर में मुख्य सुविधाएं व सेवाएं
इन शिविरों में नागरिकों को अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराया जा रहा है। इनमें पिंक कार्ड, राशन कार्ड, ई-श्रम कार्ड, जन धन खाता, लखपति बिटिया योजना तथा पीएम-उदय योजना से संबंधित सेवाएं शामिल हैं। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए छात्रवृत्ति, उच्च अध्ययन सहायता, जाति प्रमाण पत्र जैसी सुविधाओं से संबंधित जानकारी और सहायता प्रदान की जा रही है।
जल बोर्ड के जल कनेक्शनों का नियमितीकरण, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन सहित अन्य पेंशनधारकों के अभिलेखों का अद्यतन और 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों एवं बीपीएल कार्डधारकों के लिए आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
