विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब मिनटों में होगी इमिग्रेशन और चेकिंग, विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए IGI T3 पर शुरू हुआ Security Zone-5

Published: Fri, 02 Oct 2026 07:11 PM (IST)

IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर नया सिक्योरिटी जोन 5 शुरू हो गया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को त्योहारों और विंटर ...और पढ़ें

आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर नए सुरक्षा क्षेत्र सिक्योरिटी जोन 5 का संचालन शुरू कर दिया गया है। फाइल फोटो

आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर नए सुरक्षा क्षेत्र सिक्योरिटी जोन 5 का संचालन शुरू कर दिया गया है। फाइल फोटो

HighLights

  1. टी3 पर नया सिक्योरिटी जोन 5 अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए शुरू।

  2. इमिग्रेशन और सुरक्षा जांच का समय अब आधा हो जाएगा।

  3. 20 नए डेस्क और बायोमेट्रिक ई-गेट्स से प्रक्रिया तेज।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। त्योहारों और आगामी विंटर ट्रैवल सीजन के दौरान अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर नए सुरक्षा क्षेत्र सिक्योरिटी जोन 5 का संचालन शुरू कर दिया गया है।

आईजीआई एयरपोर्ट को वैश्विक एविएशन हब बनाने की दिशा में इसे एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इस नए जोन के चालू होने से सुरक्षा और इमिग्रेशन क्षमता में वृद्धि हुई है, जिससे यात्रियों को लंबी कतारों से मुक्ति मिलेगी और उनका प्रोसेसिंग टाइम घटकर लगभग आधा रह जाएगा।

ऐसे फायदेमंगद होगी नई सुविधा

अभी आईजीआई एयरपोर्ट के टी 3 से विदेश जाने वाले प्रस्थान यात्रियों को इमिग्रेशन और सीआइएसएफ की सुरक्षा जांच से गुजरने में औसतन 30 से 45 मिनट का समय लग जाता था। व्यस्त घंटों (पीक आवर्स) में यह समय बढ़कर एक घंटे से भी अधिक हो जाता था।

नए सिक्योरिटी जोन 5 के शुरू होने से इमिग्रेशन और सिक्योरिटी चेकिंग का यह समय घटकर मात्र 15 से 20 मिनट रह जाने की उम्मीद है। चूंकि यह नया जोन विशेष रूप से प्रस्थान क्षेत्र में तैयार किया गया है, इसलिए इसका सीधा लाभ विदेश के लिए उड़ान भरने वाले यात्रियों को मिलेगा।

20 नए इमिग्रेशन डेस्क और ऑटोमेटेड सिस्टम

यात्रियों की सुविधा और त्वरित जांच के लिए इस नई व्यवस्था में कई आधुनिक तकनीक और संसाधन शामिल किए गए हैं। इसके तहत प्रस्थान क्षेत्र में 20 अतिरिक्त प्रस्थान इमिग्रेशन डेस्क बनाए गए हैं ताकि कतारों को कम किया जा सके।

बायोमेट्रिक आधारित चार आधुनिक ई-गेट्स शुरू किए गए हैं, जहां यात्री बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के कुछ ही सेकंड में इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। हैंड बैगेज की जांच को तेज बनाने के लिए तीन स्वचालित ट्रे रिट्रीवल सिस्टम लेन और स्विंग आपरेशन मोड में दो अतिरिक्त इकाइयां उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे सुरक्षा जांच में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा।

क्रू मेंबर्स के लिए विशेष एक्सेस

आईजीआई देश का पहला एयरपोर्ट है जहां विमान कर्मियों के लिए भी इस आधुनिक प्रणाली का एक्सेस शुरू किया गया है, जिससे उड़ानों के आन-टाइम परफारमेंस में सुधार होगा। आईजीआई एयरपोर्ट से हर साल लगभग सात करोड़ से अधिक यात्री आवाजाही करते हैं, जिनमें से प्रतिदिन औसतन 50,000 से 60,000 केवल अंतरराष्ट्रीय यात्री होते हैं। त्योहारों और सर्दियों की छुट्टियों के दौरान यह संख्या और बढ़ जाती है।

यह भी पढ़ें- आईजीआई एयरपोर्ट पर तस्करी कर लाए 45.86 लाख रुपये का सोना बरामद, पुलिस ने दर्ज किया केस

यह भी पढ़ें- दिल्ली में उड़ानों पर मौसम की मार, आईजीआई एयरपोर्ट पर करीब 300 उड़ानें प्रभावित, 22 डायवर्ट