दिल्ली में कब घटेगा तापमान? लू से बचाव करेंगे 5 उपाय; राइडर्स ना करें गलती
राजधानी दिल्ली में भीषण लू का प्रकोप जारी है, जिसके लिए आज 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।
-1777125599656_m.webp)
तेज धूप व गर्म हवा के थपेड़ों से खुद को बचाते युवा। हरीश कुमार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में इन दिनों आसमान से आग बरस रही है। दिल्ली में लू के चलते सबसे ज्यादा परेशानी किसी काम से बाहर जाने वाले, ऑफिस जाने और डिलीवरी बॉयज को झेलनी पड़ रही है। लेकिन लू से बचने के कुछ उपाय हैं, जिनका ध्यान रखना बहुत जरूरी है। आइए आपको बताते हैं कि क्या उपाय हैं और कल मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी मंगलवार से मौसम करवट बदल सकता है। अगले सप्ताह तापमान में कुछ कमी आने की संभावना है।
गर्मी में इन बातों का रखें विशेष ध्यान
- समय-समय पर पीते रहे पानी: भीषण गर्मी के चलते दिनभर समय-समय पर पानी जरूर पीते रहें। घर से निकलने पर अपने साथ पानी की बोतल जरूर रखें। वहीं, राइडर्स के लिए नारियल पानी का सेवन करना भी जरूरी है।
- हवादार गियर चुनें: राइडर्स को ध्यान रखने की जरूरत है कि वे हवादार राइडिंग जैकेट और हवादार हेलमेट का ही इस्तेमाल करें। उन्हें जालीदार राइडिंग जैकेट ही पननी चाहिए ताकि हवा का प्रवाह बना रहे।
- दिन में आराम जरूर करें: ध्यान रहे कि लंबी यात्रा के दौरान बीच-बीच में छायादार जगहों पर रुककर आराम जरूर करें, जिससे शरीर में ठंडक बनी रहे।
- तेज धूप से बचें: दिन में घर से बाहर निकलने वालों के लिए सलाह है कि सुबह और शाम के समय ही यात्रा करें। दिन में तेज धूप में घर से निकलने से बचें।
- किसी भी परेशानी को नजरअंदान न करें: गर्मी और लू के बीच सिरदर्द, चक्कर आना, ज्यादा पसीना आना या फिर शरीर में किसी भी तरह की परेशानी हो तो उसे नजरअंदाज न करें। तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
दिल्ली में पिछले दिनों की तुलना में शनिवार सुबह से ही तापमान अधिक है। शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शनिवार को यह बढ़कर 25.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
लोधी रोड पर अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री
शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान इस सीजन का सबसे अधिक सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक 41.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रिज और लोधी रोड पर लू की स्थिति देखी गई। इन दोनों ही जगह अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री से अधिक दर्ज हुआ था। लोधी रोड पर अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक था।
वहीं, रिज क्षेत्र में तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, लू की स्थिति तब मानी जाती है जब अधिकतम तापमान कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस हो और सामान्य से 4.5 डिग्री या उससे अधिक हो, या फिर तापमान सीधे 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाए।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-यूपी में गर्मी का प्रचंड रूप: 40°C पार पहुंचा पारा, 12 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को दिल्ली के अधिकांश स्थानों पर लू की स्थिति रहेगी। सुबह से ही पूर्व के दिनों की तुलना में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान बढ़ा हुआ है।
अगले सप्ताह बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान की ओर से आ रहीं गर्म हवा के कारण दिल्ली का तापमान बढ़ रहा है। शनिवार के लिए भी 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी होने का अनुमान है। मंगलवार से मौसमी करवट के चलते तापमान में कुछ कमी आने की संभावना है।
| स्थान | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|
| सफदरजंग | 25.2 |
| पालम | 26.8 |
| लोधी रोड | 24 |
| रिज | 26.3 |
| आयानगर | 25.1 |
