होटल मालिक लवकेश बजाज को राहत, 6 हफ्ते की अंतरिम जमानत मिली; हौजरानी में आग से 23 की गई थी जान
दिल्ली हाईकोर्ट ने मालवीय नगर होटल अग्निकांड के मालिक लवकेश बजाज की अंतरिम जमानत छह सप्ताह के लिए बढ़ा दी ...और पढ़ें

होटल मालिक लवकेश बजाज को मिली अंतरिम जमानत। फोटो: आर्काइव
HighLights
लवकेश बजाज को छह सप्ताह की अतिरिक्त अंतरिम जमानत मिली
मेडिकल रिपोर्ट और सर्जरी की जटिलताओं के कारण राहत
मालवीय नगर अग्निकांड में 23 लोगों की मौत हुई थी
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित उस होटल के मालिक लवकेश बजाज को छह सप्ताह की अतिरिक्त अंतरिम जमानत दे दी है, जहां जून में लगी आग में 23 लोगों की मौत हो गई थी।
न्यायमूर्ति सचिन दत्ता की पीठ ने बजाज की मेडिकल रिपोर्ट और ऑपरेशन के बाद सामने आई स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं पर विचार करते हुए राहत दी। इससे पहले भी उन्हें चार सप्ताह की अंतरिम जमानत मिल चुकी है।
59 वर्षीय लवकेश बजाज की 31 अगस्त को पेट की बड़ी सर्जरी हुई थी। उन्हें 15 सितंबर को अस्पताल से छुट्टी मिली, लेकिन अक्टूबर में उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
उनकी स्वास्थ्य स्थिति और ऑपरेशन के बाद की जटिलताओं को देखते हुए अदालत ने अंतरिम जमानत की अवधि छह सप्ताह और बढ़ा दी।
क्या है पूरा मामला?
मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में स्थित फ्लरिश स्टे (Flourish Stay) B&B में 3 जून 2026 को भीषण आग लगी थी। इस हादसे में 23 लोगों की मौत हुई थी और 24 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। मृतकों में विदेशी नागरिक भी शामिल थे। इमारत के निचले हिस्से में रेस्तरां और ऊपरी मंजिलों पर ठहरने की व्यवस्था थी।
दिल्ली पुलिस की जांच के मुताबिक, इमारत में कथित तौर पर अग्नि सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियां थीं। पुलिस का आरोप है कि होटल का लाइसेंस लेने के लिए किया गया आवेदन फायर एग्जिट नहीं होने के कारण खारिज कर दिया गया था।
इसके बाद प्रतिष्ठान को बेड एंड ब्रेकफास्ट (B&B) योजना के तहत चलाया गया, जबकि जांचकर्ताओं के अनुसार, वहां छह कमरों की अनुमति के मुकाबले 26 कमरे संचालित किए जा रहे थे।
पुलिस ने इस मामले में होटल मालिक लवकेश बजाज, मैनेजर-कम-अकाउंटेंट जय मिश्रा और कुक केशर नेगी के खिलाफ लगभग 1,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है।
जांच में आरोप लगाया गया कि आग रसोई में तेल गर्म करने वाले फ्रायर से शुरू हुई और तैजी से फैली।
यह भी पढ़ें- अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, तिरंगा रैली में जा रहे थे कनॉट प्लेस
