दिल से दौड़ी दिल्ली
दिल्ली हाफ मैराथन में दिल्ली जमकर दौड़ी। वायु प्रदूषण की खराब स्थिति के बाद भी रविवार को 34 हजार 600 से अधिक लोगों ने दौड़ लगाई। इनमें बुजुर्ग, दिव्यांग से लेकर पुलिस के जवान भी शामिल रहे। एक हजार से अधिक बुजुर्गो ने हिस्सा लिया, वहीं 4
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : दिल्ली हाफ मैराथन में दिल्ली जमकर दौड़ी। वायु प्रदूषण की खराब स्थिति के बाद भी रविवार को 34,600 से अधिक लोगों ने दौड़ लगाई। इनमें बुजुर्ग, दिव्यांग से लेकर पुलिस के जवान भी शामिल रहे। एक हजार से अधिक बुजुर्गो ने हिस्सा लिया, वहीं 488 दिव्यांग भी शामिल हुए।
उपराज्यपाल अनिल बैजल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी व पंजाब के खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी समेत अन्य विशिष्ट अतिथियों ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ में शामिल लोगों में वायु प्रदूषण की चिंता भी दिखाई दी। काफी लोग मास्क लगाकर आए थे तो कुछ विभिन्न रूप धारण कर दौड़ते हुए प्रदूषण को लेकर जागरूक करते नजर आए।
'आओ करें देश तैयार, शुद्ध वायु सबका अधिकार' संदेश के साथ तो 10 सिर वाला 'रावण' भी दौड़ रहा था, जो आकर्षण का केंद्र रहा। भगवान 'विष्णु' भी सामाजिक संदेश के साथ दौड़ रहे थे। 21.097 किमी का हाफ मैराथन था तो सामान्य दौड़ 10 किमी, दिव्यांग व वरिष्ठ नागरिकों के लिए 2.2 किमी और ग्रेट दिल्ली रन 5.5 किमी की थी। सभी दौड़ जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू हुए और मथुरा रोड, इंडिया गेट, राजपथ, रफी मार्ग, रेडक्रॉस होते हुए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में ही खत्म हुई। मैराथन के रास्तों में यातायात पूरी तरह बंद था।
इसके पहले मैराथन में भाग लेने के लिए लोग सुबह से ही स्टेडियम जुटने लग गए थे। इनमें दिल्ली-एनसीआर के अलावा दूसरे राज्यों के भी धावक शामिल थे। फिटनेस, प्रदूषण और जागरूकता को लेकर संदेश देती इस दौड़ में महिलाओं के साथ किसानों ने भी हिस्सा लिया। ::::::::::
मी टू के जवाब में 'स्पीक अप मैन'
देशभर में चर्चा का विषय बने अभियान मी टू के जवाब में मैराथन में 'स्पीक अप मैन' निकला। महिलाओं द्वारा पुरुषों के शोषण की कहीं सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए इससे जुड़े सदस्य पुरुष आयोग के गठन की मांग कर रहे थे। पुरुष का एक पुतला साथ लेकर चल रहे थे, जिसे खूब तीर लगे हुए थे। ये तीर आतंकवाद व अन्य समस्याओं के साथ महिला शोषण के भी थे। इस बारे में एक सदस्य सतीश ने कहा कि कार्यस्थलों से लेकर वैवाहिक जीवन में पुरुष प्रताड़ित है। महिलाओं की तुलना में दोगुने से अधिक पुरुष आत्महत्या कर रहे हैं। इनके पीछे महिलाएं भी बड़ी वजह हैं।
:::::::::::::::
::::::::::
सान्या रिचर्ड्स व जोंटी रोड्स ने बढ़ाया हौसला
चार बार ओलंपिक विजेता धावक सान्या रिचर्ड्स और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जोंटी रोड्स ने धावकों का हौसला बढ़ाया। सेलिब्रिटी के साथ सेल्फी का क्रेज भी देखने को मिला।