विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिंक कार्ड से लेकर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर तक, दिल्ली सरकार की इन योजनाओं का हुआ शुभारंभ

Published: Mon, 02 Mar 2026 06:31 PM (IST)

दिल्ली सरकार ने कई नई योजनाएं शुरू की हैं। इनमें महिलाओं के लिए डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा हेतु 'पिंक कार्ड' और मेट्रो के लिए 'एनसीएमसी' शामिल है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की फाइल फोटो।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की फाइल फोटो।

HighLights

  1. महिलाओं के लिए डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा हेतु पिंक कार्ड

  2. 'लखपति बिटिया' योजना से बेटियों की उच्च शिक्षा को प्रोत्साहन

  3. होली पर राशन कार्ड धारकों को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर की पहली किस्त

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कई सरकारी योजनाओं का शुभारंभ किया गया है। इसमें पिंक कार्ड, मेरी पूंजी मेरा अधिकार और मुफ्त एलपीजी सिलेंडर से लेकर 'दिल्ली लखपति बिटिया' योजना शामिल हैं। आइए जानते हैं ये सरकारी योजनाएं क्या हैं और इनका किसे लाभ मिलेगा।

पिंक कार्ड की शुरुआत

नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) यानी जिस ‘पिंक कार्ड’ की शुरुआत की गई है। यह कार्ड दिल्ली की पात्र महिला निवासियों को डीटीसी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा देगा, जबकि मेट्रो, आरआरटीएस और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में इसी एक स्मार्ट कार्ड के माध्यम से सशुल्क यात्रा की जा सकेगी। योजना के तहत तीन प्रकार के कार्ड जारी होंगे।

पिंक कार्ड महिलाओं के लिए, ब्लू कार्ड सामान्य यात्रियों के लिए और ऑरेंज कार्ड मासिक पास धारकों के लिए है। पहले चरण में पिंक और ब्लू कार्ड लांच किए जाएंगे। कार्ड जारी करने के लिए डीटीसी ने हिंडन मर्केंटाइल लिमिटेड (मुफिनपे) और एयरटेल पेमेंट्स बैंक लिमिटेड को अधिकृत किया है। कार्ड वितरण के लिए लगभग 50 केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

‘दिल्ली लखपति बिटिया’ योजना

‘दिल्ली लखपति बिटिया’ योजना पहले की लाडली योजना की जगह लाई गई है, लेकिन इसे ज्यादा आधुनिक, डिजिटल और प्रोत्साहन आधारित रूप में तैयार किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य बेटियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देना है।

Delhi Khabar (75)

इस योजना के तहत हर पात्र बालिका के नाम अलग-अलग चरणों में कुल 61,000 रुपये सरकार द्वारा जमा किए जाएंगे। यदि बालिका स्नातक या व्यावसायिक डिप्लोमा जैसी निर्धारित शर्तें पूरी करती है तो 21 वर्ष की आयु तक यह राशि ब्याज सहित बढ़कर एक लाख रुपये से अधिक हो जाएगी।

योजना का वित्तीय प्रबंधन एसबीआइ लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा ‘एसबीआइ लाइफ धनराशि साधन’ के माध्यम से सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से किया जाएगा।

मेरी पूंजी मेरा अधिकार

दिल्ली लाडली योजना के तहत 40,642 पात्र लाभार्थियों को 100.25 करोड़ रुपये की राशि उनके खाते में डाली गई है। वर्ष 2008 में शुरू की गई दिल्ली लाडली योजना का उद्देश्य बालिका के जन्म और शिक्षा को प्रोत्साहित करना और शिक्षा के महत्वपूर्ण पड़ावों पर संरचित वित्तीय सहायता के माध्यम से लैंगिक असमानताओं को दूर करना था।

परिपक्वता राशि, अर्जित ब्याज सहित, डीबीटी माध्यम से सीधे आधार से जुड़े बैंक खातों में ट्रांसफर की गई, जिससे पारदर्शिता, दक्षता और लाभार्थियों तक सीधी पहुंच सुनिश्चित होगी।

होली पर 853 रुपये की पहली किस्त सीधे खाते में

होली और दीवाली के अवसर पर दिल्ली के सभी साढ़े 15 लाख राशन कार्ड धारक परिवारों के लिए साल में दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने की योजना का शुभारंभ किया।

इसके तहत होली के अवसर पर राशन कार्ड धारक परिवारों को एक एलपीजी सिलेंडर की कीमत 853 रुपये सीधे उनके परिवार के मुखिया के खाते में डीबीटी के माध्यम से परिवार के मुखिया के खाते में हस्तांतरित किए गए। इस योजना पर अनुमानित वार्षिक व्यय लगभग 242.77 करोड़ रुपये होगा।