अब श्रमिकों के पास खुद पहुंचेगी दिल्ली सरकार, चार मोबाइल सेवा वैन शुरू; मिलेंगी कई सुविधाएं
दिल्ली सरकार ने 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके घर तक पहुंचाने के लिए चार मोबाइल नमो श्रमिक सेवा केंद्र शुरू किए हैं।

दिल्ली सचिवालय में मोबाइल कर्मिका सेवा केंद्र वैन को झंडी दिखाकर रवाना करतीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता साथ मौजूद मंत्री कपिल मिश्रा। जागरण
HighLights
दिल्ली सरकार ने चार मोबाइल श्रमिक सेवा वैन शुरू कीं।
श्रमिकों को घर बैठे सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।
पंजीकरण, नवीनीकरण और जानकारी अब आसान होगी।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए श्रमिकों को अब बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। दिल्ली सरकार ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मोबाइल नमो श्रमिक सेवा केंद्र शुरू किए हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय से चार मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वैन दिल्ली के सभी जिलों में श्रमिकों और कामगारों तक पहुंचेंगी।
मोबाइल सेवा केंद्रों में श्रमिकों को उनके क्षेत्र में ही पंजीकरण और नवीनीकरण, सरकारी योजनाओं की जानकारी, जरूरी दस्तावेजों से संबंधित सहायता, डिजिटल सेवाओं तक पहुंच और विभिन्न सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए मार्गदर्शन मिलेगा।
खासतौर पर ऐसे श्रमिकों को इसका लाभ मिलेगा, जिनके लिए काम से समय निकालकर दूर स्थित सरकारी कार्यालयों तक पहुंचना मुश्किल होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के निर्माण और विकास में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार की कोशिश है कि सरकारी सेवाएं केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि जरूरतमंद श्रमिकों तक स्वयं पहुंचें।
बहुउद्देशीय सेवा केंद्र के रूप में काम करेंगी मोबाइल वैन
श्रम मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि मोबाइल वैन बहुउद्देशीय सेवा केंद्र के रूप में काम करेंगी और श्रमिकों को पंजीकरण के साथ कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने में मदद करेंगी।
गौरतलब है कि सरकार ने इससे पहले दिल्ली में 13 नमो श्रमिक सेवा केंद्र शुरू करने की योजना भी घोषित की थी। इन स्थायी केंद्रों पर पंजीकरण, नवीनीकरण, दस्तावेज सत्यापन, आवेदन की स्थिति और श्रमिक कल्याण योजनाओं से जुड़ी सहायता एक ही जगह उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
