दिल्ली के कलाकारों को मिलेगा ग्लोबल मंच, सरकार ने ICCR से किया समझौता; विदेशों में दिखेगी प्रतिभा
दिल्ली सरकार और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के बीच एक समझौता हुआ है। यह समझौता दिल्ली की कला, संस्कृति ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
दिल्ली सरकार और ICCR के बीच सांस्कृतिक समझौता हुआ।
दिल्ली के कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शन का मौका।
विदेशी छात्रों के लिए सांस्कृतिक यात्राएं और अध्ययन शिविर।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की कला, संस्कृति और यहां की प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच देने के लिए दिल्ली सरकार और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आइसीसीआर) के बीच समझौता हुआ है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में हुए समझौते के तहत दोनों संस्थाएं सांस्कृतिक और शैक्षणिक क्षेत्र में मिलकर काम करेंगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस समझौते से विकास के साथ दिल्ली की विरासत, कला और संस्कृति को भी आगे बढ़ावा मिलेगा।
समझौते के तहत दिल्ली के स्थानीय और युवा कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सवों और आइसीसीआर के कार्यक्रमों में भाग लेने के अवसर मिलेंगे। सरकार प्रदर्शन कला, साहित्य, मूर्तिकला, वस्त्र, वास्तुकला, पाक कला और हस्तशिल्प सहित विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों की पहचान करेगी। इन कलाकारों का एक व्यापक आंकड़ा तैयार कर आइसीसीआर के साथ साझा किया जाएगा।
विदेशी कलाकारों और विद्वानों के कार्यक्रम
दिल्ली में विदेशी कलाकारों और विद्वानों के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भारत और विदेश के कलाकारों के लिए कला प्रदर्शनियां, प्रशिक्षण शिविर, कार्यशालाएं और विचार-विमर्श कार्यक्रम भी होंगे। इससे कलाकारों को एक-दूसरे की कला और संस्कृति को समझने का अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़ें- कागज से कला तक... अखबार के पन्नों से सजेगा बंगाल का दुर्गापूजा पंडाल, डिजिटल युग में दिखेगी पुराने दौर की झलक
समझौते के तहत आइसीसीआर से जुड़े विदेशी छात्रों के लिए दिल्ली में अध्ययन शिविर और परिचयात्मक यात्राएं आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से दिल्ली के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों के साथ यहां के प्रमुख शिक्षण संस्थानों की जानकारी भी विदेशी छात्रों तक पहुंचाई जाएगी। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
विदेश में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिल्ली के कलाकारों और सांस्कृतिक दलों की भागीदारी के लिए सरकार यात्रा, परिवहन और वीजा से जुड़े खर्च वहन करेगी। आइसीसीआर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कलाकारों की प्रस्तुतियों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग करेगा।
कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि समझौते से दिल्ली के कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेंगे और विदेशी कलाकारों व विद्वानों के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान बढ़ेगा। समझौता पांच वर्ष के लिए प्रभावी रहेगा।
दिल्ली के कलाकारों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच
- युवा कलाकारों का तैयार होगा व्यापक आंकड़ा, अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में मिलेगा अवसर
- विदेशी छात्रों के लिए अध्ययन शिविर और सांस्कृतिक यात्राएं होंगी आयोजित
- सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इस समझौते से दिल्ली के कलाकारों को आगे बढ़ाने का मौका मिलेगा
