सीलमपुर में डीसीपी ऑफिस के पास स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने 1 किलो सोना लूटा, डेढ़ करोड़ की लूट से हड़कंप
पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर फ्लाईओवर के पास डीसीपी कार्यालय के करीब स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने स्कूटी सवार पिता-पुत्र से लगभग ...और पढ़ें

लूट की वारदात के बाद माैके पर मौजूद लोग। जागरण
HighLights
पूर्वी दिल्ली में डीसीपी ऑफिस के पास लूट
स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने 1 किलो सोना छीना
पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा, जांच जारी
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में पुलिस की नाक के नीचे बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। सीलमपुर फ्लाईओवर के पास, डीसीपी ऑफिस से महज कुछ मीटर दूरी पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने स्कूटी सवार पिता-पुत्र से करीब 1 किलो सोना लूट लिया, जिसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रामनगर शाहदरा निवासी अनेष बंसल और उनका बेटा प्रथम बंसल चांदनी चौक के कुचा महाजनी से स्कूटी पर लौट रहे थे। देर रात करीब 10 बजे जैसे ही वे सीलमपुर फ्लाईओवर पार कर डीसीपी ऑफिस के पास पहुंचे, पीछे से आई काले रंग की स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए।

लुटेरों का मुकाबला किया, लेकिन...
इसके बाद स्कॉर्पियो से उतरे 2-3 बदमाशों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। प्रथम बंसल ने हेलमेट से बदमाशों का मुकाबला भी किया, लेकिन आरोपित उनके पास रखा 1 किलो सोना, सोने की चेन, मोबाइल और स्कूटी लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि सोना अगले दिन डिलीवरी के लिए ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने बदमाशों की स्कार्पियो पकड़ी
वारदात के बाद पीड़ितों ने किसी राहगीर के फोन से पुलिस को कॉल किया। पुलिस ने अलर्ट जारी कर स्कॉर्पियो की तलाश शुरू की। बहूपुरा बॉर्डर के पास पुलिसकर्मियों ने पीछा कर गाड़ी को पकड़ लिया और ड्राइवर को हिरासत में लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बाकी आरोपितों की तलाश की जा रही है। इतनी बड़ी वारदात डीसीपी ऑफिस के पास होने से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में युवक से दिनदहाड़े चेन झपटने वाला बदमाश गिरफ्तार, चोरी की बाइक बरामद
