सोना लूट ही नहीं, कारोबारियों का अपहरण भी करना चाहते थे बदमाश; दिल्ली में बिजनेसमैन से लूट मामले में खुलासा
यमुनापार में बदमाशों ने डेढ़ करोड़ के सोने की लूट के दौरान कारोबारी पिता-पुत्र का अपहरण करने की भी कोशिश ...और पढ़ें

स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। सौजन्य-सुधी पाठक

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
सौरभ पांडेय, पूर्वी दिल्ली। यमुनापार में बदमाशों के मन में पुलिस का कोई खौफ नहीं है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लगभग डेढ़ करोड़ के सोने की लूट के साथ बदमाश कारोबारी पिता-पुत्र का अपहरण भी करना चाहते थे।
पीड़ितों के अनुसार बदमाशों ने दोनों को स्कॉर्पियों के अंदर खींचने की कोशिश तक की। इसी दौरान कारोबारी का पुत्र प्रथम बदमाशों से भिड़ गया और हेलमेट से ही उनपर हमला किया।
पिता के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग उधर दौड़े तो बदमाश स्कूटी और स्कॉर्पियो लेकर भाग खड़े हुए। आसपास मौजूद लोगों के फोन से ही समय पर पुलिस को सूचना मिली और स्कॉर्पियो पकड़ी जा सकी। हालांकि पिछले दिनों खजूरी में कलेक्शन एजेंट से हुई 45 लाख और शास्त्री पार्क में 80 लाख रुपये की लूट की घटनाओं ने बताया दिया है कि पुलिस बदमाशों पर लगाम कसने में पूरी तरह से विफल साबित हो रही है।
-1774351734561.jpg)
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और लोगों की भीड़। सौजन्य-सुधी पाठक
पीड़ित ने क्या बताया?
पीड़ित प्रथम बंसल ने बताया कि सोना लूट के दौरान बदमाशों ने पहले उन्हें कार के अंदर खींचने की कोशिश की। जब उन्होंने हेलमेट मारकर विरोध किया तो उनके पिता को भी कार में डालना चाहते थे। उसी समय पिता और उनके शोर मचाने पर आसपास मौजूद 10-12 लोग घटनास्थल की ओर दौड़े।
लोगों को आता देख बदमाश भागने लगे। उनका पीछा न हो, इसलिए उनकी स्कूटी और मोबाइल भी लूट लिया। हालांकि, डीसीपी उत्तर पूर्वी जिला अशीष मिश्रा का कहना है कि बदमाशों का एक साथी पकड़ लिया गया है। ऐसे में जल्द ही अन्य साथियों को भी जल्द ही दबोच लिया जाएगा।
पुलिस को शक, कूचा महाजनी से हो रही थी रेकी
पुलिस ने आशंका जताई है कि जिस तरह से स्कूटी और कार से योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया गया है, उससे लग रहा है कि बदमाशों को पहले से सूचना थी कि पीड़ित सोना लेकर घर जा रहे हैं।
इतना ही नहीं, बदमाशों ने वहीं से दोनों का स्कूटी से पीछा किया और वेलकम पहुंचकर जब सूनसान सड़क दिखाई दी तो वारदात को अंजाम दे डाला। इससे पहले भी कूचा महाजनी से सोना लेकर जा रहे कई व्यापारियों के साथ रास्ते में लूट हो चुकी है। पिछले दिनों पलवल में भी बदमाशों ने एक लूट को अंजाम दिया गया था।
आए दिन सड़कों पर हो रही वारदात
यमुनापार में बदमाश इस कदम बेखौफ हैं कि आए दिन सड़कों पर लूट और हत्या की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। खजूरी में पिछले दिनों कलेक्शन एजेंट से सरेराह 45 लाख रुपये लूट लिए थे।
इससे पहले शास्त्री पार्क में गोली मारकर एजेंट से 80 लाख की लूट की थी। इसके अलावा आए दिन यमुनापार में सड़कों पर ही चाकू मारकर हत्या की वारदात हो रहीं हैं लेकिन पुलिस इन वारदातों को रोकने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है।
हाल ही में हुई कुछ बड़ी वारदात
- 17 मार्च: कृष्णा नगर में बच्चे को स्कूल छोड़ने जा रही महिला से सरेराह कंगन लूट
- सात मार्च: खजूरी में कलेक्शन एजेंट से 45 लाख की लूट
- नौ फरवरी: शास्त्री पार्क में बदमाशों ने गोली मारकर कलेक्शन एजेट से 80 लाख लूटे
- 10 फरवरी: मौजपुर में युवक को बंधक बनाकर लूटपाट, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
यह भी पढ़ें- सीलमपुर में डीसीपी ऑफिस के पास स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने 1 किलो सोना लूटा, डेढ़ करोड़ की लूट से हड़कंप
