स्विगी, जोमैटो के डार्क स्टोर्स पर गंदगी और एक्सपायरी सामान, दिल्ली में ब्रांडेड देसी घी के 19 सैंपल भी फेल
दिल्ली खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में 59 देसी घी के नमूनों में से 19 मानव उपभोग के लिए असुरक्षित ...और पढ़ें

स्विगी जोमैटो के डॉर्क स्टोर में मिली गंदगी और एक्सपायरी सामान। फोटो: सांकेतिक
HighLights
59 देसी घी नमूनों में से 19 मानव उपभोग के लिए असुरक्षित
क्विक कॉमर्स स्टोर्स में एक्सपायरी उत्पाद, कीट और गंदगी मिली
असुरक्षित घी विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित, प्रतिष्ठान बंद
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में नकली पनीर के बाद अब देसी घी की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। दिल्ली खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में देसी घी के 59 नमूनों में से 19 मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाए गए, जबकि चार नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे।
यानी कुल 23 नमूनों में खामियां मिलीं। दूसरी ओर, क्विक काॅमर्स कंपनियों के डार्क स्टोर्स और खाद्य भंडारण केंद्रों के निरीक्षण में एक्सपायरी उत्पाद, कीट और गंदगी जैसी गंभीर कमियां सामने आईं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में सामने आए इन निष्कर्ष पर मुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहाकि दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी। जांच के जिनके घी असुरक्षित पाए गए हैं विभाग के अनुसार उन कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित कर प्रतिष्ठान बंद करने के आदेश दिए गए हैं।
कई ब्रांड के घी के नमूने असुरक्षित
खाद्य सुरक्षा विभाग ने नाहरपुर, पोसंगीपुर, लक्ष्मी नगर, प्रीत विहार, रामपुरा, टैगोर गार्डन, कल्याणपुरी, कृष्णा विहार और कोंडली समेत विभिन्न बाजारों से देसी घी के नमूने लिए थे।
जांच में हरियाणा लाइट, हरियाणा सुप्रीम, हरियाणा डेयरी, करतार, प्रभास, मधु संगम, राधा कृष्णा, अक्षरा, आनंद गोल्ड, श्री नंदन और श्री कृष्णा समेत कई ब्रांड के नमूने असुरक्षित पाए गए। वहीं, नोवा, गोवर्धन प्योर गाय का घी और प्रताप देसी घी के नमूने मानक अनुसार नहीं मिले।
स्विगी, जोमैटो और जेप्टो के स्टोर्स में एक्सपायरी उत्पाद और गंदगी
उत्तम नगर स्थित स्विगी इंस्टामार्ट में एक्सपायरी फ्रोजन मटर, ग्रीक योगर्ट, ब्राउनी और गाय के घी के उत्पाद मिले। वजीरपुर स्थित रिलायंस रिटेल के परिसर में मक्खियां, मच्छर, छिपकली और मकड़ी के जाले पाए गए।
घेवरा स्थित जोमैटो हाइपरप्योर में भी एक्सपायरी उत्पाद मिले। खुरेजी स्थित जेप्टो के परिसर में कोल्ड स्टोरेज का तापमान बनाए रखने में कमी, काकरोच, गंदे और जंग लगे रैक तथा फर्श पर रखे खाद्य पदार्थ मिले। ब्लिंकिट के आसफ अली रोड और दरियागंज स्थित परिसरों में गंदे क्रेट और धूल मिली।
रोहिणी स्टोर में खाद्य पदार्थों को संदूषण से बचाने के लिए अलग रखने की उचित व्यवस्था नहीं थी। विभाग ने नमूने लेने के साथ संबंधित प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के नोटिस जारी किए हैं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली की वायु गुणवत्ता में आया बड़ा सुधार, सर्दियों में बढ़ सकती है प्रदूषण से निपटने की चुनौती
