दिल्ली फायर सर्विस को मिलीं नई फायर बाइकें और क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल, तंग गलियों में अब मिलेगी तुरंत मदद
मालवीय नगर में गीतांजलि फायर स्टेशन का उद्घाटन हुआ, जहां दिल्ली फायर सर्विस को 20 फायर रिस्पॉन्स बाइक और 26 क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल मिले।
HighLights
गीतांजलि फायर स्टेशन का मालवीय नगर में औपचारिक उद्घाटन।
20 फायर रिस्पॉन्स बाइक और 26 क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल शामिल।
तंग गलियों और संकरे रास्तों में त्वरित सहायता।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मालवीय नगर स्थित गीतांजलि फायर स्टेशन का औपचारिक उद्धाटन किया। साथ ही दिल्ली फायर सर्विस के बेड़े में शामिल 20 फायर रिस्पॉन्स बाइक और 26 क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल्स को हरी झंडी दिखाई। ये वाहन तंग गलियों और संकरे रास्तों तक तेजी से पहुंचकर आपात स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाने में मदद करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा संकल्प है कि संकट के समय दिल्ली के हर नागरिक तक कम से कम समय में मदद पहुंचे। आधुनिक तकनीक, बेहतर संसाधन और मजबूत फायर सर्विस के साथ हमारी सरकार दिल्ली को और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

पारंपरिक और बड़ी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां नहीं पहुंच पातीं
दिल्ली फायर सर्विस के डिविजनल ऑफिसर रविंद्र सिंह के मुताबिक दिल्ली के पुराने और भीड़भाड़ वाले इलाकों (जैसे चांदनी चौक, सदर बाजार) या तंग झुग्गी-झोपड़ियों में जहां पारंपरिक और बड़ी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां नहीं पहुंच पातीं, यह बाइक आसानी से पहुंच सकेगी और आग को शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रित कर सकेगी।
इन बाइकों में आमतौर पर उच्च दबाव वाली वाटर मिस्ट प्रणाली, पानी और फोम का मिश्रण और छोटी होज रीप्लेनिशमेंट गन जैसे उपकरण फिट हैं। साथ ही फर्स्ट-एड बॉक्स और अन्य आपातकालीन चिकित्सा सहायता सामग्री भी है, जो घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार देने में मददगार है। कम वजन और हल्का डिजाइन इसे संभालने और किसी भी दुर्गम रास्ते से निकालने में आसान बनाती है।

100 लीटर पानी टैंक और 25 लीटर फोम टैंक
वहीं क्विक रिस्पांस व्हीकल में 100 लीटर पानी टैंक और 25 लीटर फोम टैंक है। ये घनी आबादी वाले इलाकों में पीसीआर वाहनों की तरह तैनात रहेंगे। पीसीआर वाहनों की तरह ही नजदीकी वाहन का घटनास्थल पर तेजी से पहुंचना सुनिश्चित होगा। इस अवसर पर सांसद बांसुरी स्वराज, कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, विधायक सतीश उपाध्याय आदि रहे।
