चार्जिंग पर लगा ई-स्कूटर बना काल... एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, तुगलकाबाद अग्निकांड की Inside Story
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के तीन ...और पढ़ें
HighLights
गोविंदपुरी इमारत में आग से एक परिवार के तीन सदस्य मृत।
शॉर्ट सर्किट और चार्जिंग पर लगे ई-स्कूटर से फैली आग।
दम घुटने से हुई मौतें, दो अन्य की हालत गंभीर।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। रिहायशी इलाकों के भीतर बेतरतीब पार्किंग और बिजली के शॉर्ट सर्किट से होने वाले हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। राजधानी के हौजरानी और हौजखास जैसे घने इलाकों में पूर्व में हुए भीषण अग्निकांडों की यादें अभी धुंधली भी नहीं पड़ी थीं कि बीती रात दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में वैसा ही एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है।

तुगलकाबाद एक्सटेंशन की एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दम घुटने और झुलसने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 28 वर्षीय पंकज, उनकी मां गुड्डी और बहन सोनी के रूप में हुई है। पंकज की नानी और एक बहन मोनी की हालत गंभीर है।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार और शुक्रवार की आधी रात करीब 2:24 बजे गोविंदपुरी थाने को तुगलकाबाद एक्सटेंशन की एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में आग लगने की पीसीआर कॉल मिली। चूंकि यह इलाका बेहद संकरा और घना है, इसलिए सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ एसएचओ, एसीपी और दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी तुरंत मौके पर पहुंचे।

संकरी गलियां होने के कारण बचाव अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन दिल्ली फायर सर्विस की 4 गाड़ियों और कैट्स एम्बुलेंस ने मौके पर पहुंचकर तुरंत मोर्चा संभाला।
चार्जिंग पर लगा ई-स्कूटर बना काल!
शुरुआती जांच में जो बात सामने आ रही है, वह बेहद चौंकाने वाली और आंखें खोलने वाली है। ग्राउंड फ्लोर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से आग शुरू हुई थी। वहीं पर एक इलेक्ट्रिक स्कूटर चार्जिंग पर लगा हुआ था। शॉर्ट सर्किट के बाद आग ने तुरंत रफ्तार पकड़ी और वहां पार्क किए गए ई-स्कूटर समेत कुल सात दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
वाहनों की टंकियां फटने और प्लास्टिक जलने से पूरी इमारत में पल भर में दमघोंटू काला धुआं भर गया, जिससे ऊपर की मंजिलों पर सो रहे लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला।
भारी धुएं के बीच आठ लोगों को निकाला
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए भारी धुएं के बीच फंसे आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत सफदरजंग अस्पताल तथा एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
हालांकि, डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुरुआती तौर पर आग का कारण शॉर्ट सर्किट और ई-स्कूटर की चार्जिंग लग रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का पता विस्तृत फॉरेंसिक और कानूनी जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिहायशी इलाकों के लिए बड़ी चेतावनी
यह हादसा एक बार फिर दिल्ली के हौजरानी, तुगलकाबाद और गोविंदपुरी जैसे उन रिहायशी इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है, जहां नियमों को ताक पर रखकर बहुमंजिला इमारतें तो तान दी गई हैं, लेकिन न तो वहां वेंटिलेशन की सही व्यवस्था है और न ही वाहनों की सुरक्षित पार्किंग की।
संकरी गलियों में लटकते बिजली के तार और नीचे खड़ी गाड़ियों में लगती आग मासूमों के लिए 'डेथ ट्रैप' साबित हो रही है। गत तीन जून को हौजरानी में अवैध होटल में आग लगने से 23 लोगों की मौत हो चुकी है।
