विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में 8 दिन के मासूम को 2.5 लाख में बेचा, पड़ोसी की कॉल से खुला राज; पिता और खरीदार गिरफ्तार

Published: Sat, 12 Sep 2026 09:35 AM (IST)

उत्तम नगर में एक पिता ने अपने आठ दिन के नवजात बेटे को ढाई लाख रुपये में बेच दिया। पुलिस ...और पढ़ें

दिल्ली में पिता ने आठ दिन के मासूम को बेच दिया। फोटो: आर्काइव

दिल्ली में पिता ने आठ दिन के मासूम को बेच दिया। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. पिता ने आठ दिन के नवजात बेटे को 2.5 लाख में बेचा

  2. पड़ोसी की सूचना पर पुलिस ने बच्चे को जींद से बरामद किया

  3. उत्तम नगर पुलिस ने पिता और बच्चे खरीदने वाली महिला को पकड़ा

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। उत्तम नगर के हस्तसाल स्थित जेजे कॉलोनी में एक पिता ने अपने आठ दिन के नवजात बेटे को 2.5 लाख रुपये में बेच दिया।

पड़ोसी महिला की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और तकनीकी निगरानी के आधार पर हरियाणा के जींद से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस ने बच्चे के पिता जयराम और पंजाब के फगवाड़ा निवासी महिला ममता को पकड़ लिया है। पुलिस इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

पड़ोसी महिला की सूचना पर पुलिस ने शुरू की जांच

उपायुक्त कुशल पाल सिंह के अनुसार, आठ सितंबर की रात 9:41 बजे बिना देवी (34) ने पीसीआर कॉल कर सूचना दी कि पड़ोसी के घर बच्चा हुआ था और उसे बेच दिया गया है।

बिना देवी जेजे कॉलोनी, हस्तसाल की रहने वाली हैं। सूचना के बाद उत्तम नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। जयराम (55) दर्जी का काम करता है। उसकी पत्नी गायत्री गृहिणी है।

दंपती के पहले से पांच बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और तीन बेटियां हैं। 28 अगस्त को डाबड़ी मोड़ स्थित दादा देव अस्पताल में उनके छठे बच्चे के रूप में बेटे का जन्म हुआ था।

दाई के जरिये बच्चे के खरीदार से हुआ संपर्क

पूछताछ में जयराम ने बताया कि वह पड़ोस में रहने वाली 72 वर्षीय अनीता को जानता है। अनीता दाई का काम करती है। जयराम के अनुसार, अनीता ने उसे बताया कि वह नवजात को रखने के इच्छुक व्यक्ति की व्यवस्था कर सकती है।

अनीता पहले पंजाब में रह चुकी थी और वहां फगवाड़ा निवासी ममता को जानती थी। ममता कथित तौर पर अपने किसी रिश्तेदार के लिए बच्चे की तलाश कर रही थी।

पुलिस के अनुसार, पांच सितंबर को ममता दो अन्य महिलाओं के साथ अनीता के घर पहुंची। वहां जयराम को भी बुलाया गया और उसने 2.50 लाख रुपये लेकर नवजात बेटे को ममता को सौंप दिया।

जींद से सकुशल बरामद हुआ नवजात

मामले में उत्तम नगर थाने में किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 81 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। बच्चे की तलाश में पुलिस टीम फगवाड़ा भेजी गई।

तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस जींद पहुंची, जहां से मासूम को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। जयराम और ममता को पकड़कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने फिलहाल मामले को किसी संगठित गिरोह से जुड़ा नहीं बताया है।

जुलाई में भी सामने आया था मामला

गौरतलब हो कि जुलाई में भी दिल्ली पुलिस ने नवजात और शिशुओं को नि:संतान दंपतियों को अवैध तरीके से बेचने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया था।

उस मामले में पुलिस ने ऐसे बच्चों की खरीद-फरोख्त में बिचौलियों की भूमिका सामने आने की बात कही थी। हालांकि उत्तम नगर के मौजूदा मामले में पुलिस ने अभी किसी गिरोह से संबंध से इनकार किया है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली: आखिरी सांस तक चाकू से करते रहे वार... जीजा ने बहन को छोड़ा तो भाइयों ने प्रेमी को उतारा मौत के घाट