विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में अवैध शराब पर आबकारी विभाग का शिकंजा, पांच माह में 725 गिरफ्तारियां

Published: Sun, 13 Sep 2026 07:15 PM (IST)

दिल्ली आबकारी विभाग ने अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। वित्त वर्ष ...और पढ़ें

अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी।

अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी।

HighLights

  1. आबकारी विभाग ने अवैध शराब पर कार्रवाई तेज की।

  2. पांच माह में 725 मामले दर्ज, 730 लोग गिरफ्तार।

  3. 2.20 लाख बोतल अवैध शराब और 197 वाहन जब्त।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अगस्त के बीच विभाग ने अभी तक 725 मामले दर्ज कर 730 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान अवैध शराब ले जा रहे 197 वाहनों को जब्त किया गया और करीब 2.20 लाख बोतल शराब बरामद की गई हैं।

पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले इस बार कार्रवाई में बड़ी बढ़ोतरी है। वित्त वर्ष 2025-26 में अप्रैल से अगस्त के बीच 315 मामले दर्ज किए गए थे और 312 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। इस दौरान 112 वाहन जब्त किए गए थे और करीब एक लाख बोतल अवैध शराब बरामद हुई थी।

इन मार्गों से अवैध शराब की तस्करी की आशंका

आबकारी विभाग के अनुसार दिल्ली की सीमाएं पड़ोसी राज्यों से जुड़ी होने के कारण यहां करीब 70 छोटे-बड़े प्रवेश मार्ग हैं। इन मार्गों से अवैध शराब की तस्करी की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए विभाग की प्रवर्तन शाखा लगातार निगरानी कर रही है। शराब की बिक्री और परिवहन में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

विभाग ने बताया कि शराब बेचने के लिए अधिकृत परिसरों में नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई हुई है। ऐसे मामलों में सात प्राथमिकी दर्ज की गईं। संबंधित बार को सील करने और जुर्माना लगाने समेत अन्य कार्रवाई की गई है। त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग प्रवर्तन कार्रवाई और बढ़ाने की तैयारी में है। सरकारी निगमों की खुदरा दुकानों और होटल, क्लब व रेस्तरां में वैध शराब की आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जाएगा।

शराब की तस्करी और शराब की अवैध बिक्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार अवैध शराब के कारोबार को शून्य करने की नीति पर काम कर रही है। सार्वजनिक सुरक्षा, शराब की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से नई आबकारी नीति तैयार की जा रही है। - रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री, दिल्ली

यह भी पढ़ें- दिल्ली में धड़ाधड़ कट रहे चालान, ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान 4712 वाहन मालिकों पर शिकंजा