दिल्ली में EV इंफ्रास्ट्रक्चर को रफ्तार, 14 अक्टूबर से शुरू होंगे 5 नए चार्जिंग स्टेशन; क्या है मास्टर प्लान?
दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए 14 अक्टूबर को पांच नए चार्जिंग स्टेशन शुरू होंगे, जिससे कुल ...और पढ़ें
-1791715596092_m.webp)
सरकार का ध्यान चार्जिंग नेटवर्क के विस्तार पर है। AI जनरेटेड
HighLights
14 अक्टूबर को दिल्ली में पांच नए चार्जिंग स्टेशन खुलेंगे।
इनसे एक साथ 26 इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज हो सकेंगे।
सरकार का लक्ष्य 2030 तक 32,000 चार्जिंग प्वाइंट्स का है।
वी के शुक्ला, नई दिल्ली। दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सरकार का ध्यान चार्जिंग नेटवर्क के विस्तार पर है। इसी क्रम में 14 अक्टूबर को नांगलोई, केशव कुंज, रोहिणी सेक्टर-37, नंद नगरी और आनंद विहार में पांच नए चार्जिंग स्टेशन शुरू किए जाने की योजना है।
आनंद विहाार में एक साथ 10 वाहन चार्ज हो सकेंगे, इसके अलावा अन्य चार स्थानों पर चार-चार वाहन एक साथ चार्ज हो सकेंगे। यानी दिल्ली भर में एक साथ 26 वाहनों के चार्ज होने की सुविधा बढ़ने जा रही है।
इन्हें दिल्ली परिवहन निगम द्वारा संचालित किया जाएगा। हालांकि, विशेषज्ञों की मानें तो नए चार्जिंग स्टेशन बढ़ाने की गति बहुत धीमी है। उनके अनुसार सरकार को यह गति तेज करने की जरूरत है।
नए चार्जिंग केंद्रों के लिए मंजूरी
दिल्ली में फिलहाल 1,919 चार्जिंग स्टेशन और 9000 से अधिक चार्जिंग प्वाइंट हैं। इसके अलावा 232 बैटरी स्वैपिंग स्टेशन भी हैं। सरकार ने 2030 तक इनकी संख्या बढ़ाकर 32 हजार चार्जिंग प्वाइंट करने का लक्ष्य रखा है। हाल ही में केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय ने दिल्ली में 382 नए चार्जिंग केंद्रों के लिए मंजूरी दी है।
सरकार का प्रयास है कि लोगों को अपने घर और कार्यस्थल के आसपास चार्जिंग की सुविधा मिले, जिससे इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के प्रति उनका भरोसा बढ़े।
सरकार पर दबाव बढ़ रहा
इलेक्ट्रिक वाहनों के पंजीकरण को लेकर तय समयसीमा को देखते हुए चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार और भी महत्वपूर्ण हो गया है। एक जनवरी 2027 से नए तिपहिया और हल्के मालवाहक वाहनों की इलेक्ट्रिक पंजीकरण व्यवस्था और एक अप्रैल 2028 से दोपहिया वाहनों के लिए निर्धारित बदलावों के मद्देनजर सरकार को चार्जिंग सुविधाएं समय पर विकसित करने का सरकार पर दबाव बढ़ रहा है।
दिल्ली की इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2026-30 में वर्ष 2030 तक करीब 30 हजार चार्जिंग प्वाइंट विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। नीति का उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देना और प्रदूषण कम करना है। इसके तहत आने वाले वर्षों में चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार करना होगा, ताकि बढ़ती मांग के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
382 स्थलों पर विकसित होगा चार्जिंग ढांचा
बिजली मंत्री आशीष सूद ने हाल ही में बताया था कि केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय ने दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग ढांचा विकसित करने के लिए 382 स्थलों को मंजूरी दी है।
दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग और दिल्ली परिवहन निगम ने कुल 456 स्थलों की पहचान की थी। इनमें से मंजूर स्थलों का दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहनों की जरूरत के अनुसार दोबारा आकलन किया गया है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली को मिलेंगी 200 नई इलेक्ट्रिक बसें, 6900 के पार पहुंचेगा बसों का बेड़ा; 5 चार्जिंग स्टेशन भी होंगे शुरू
