विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शाहबाद डेयरी में ई-रिक्शा चालक की चाकू गोदकर हत्या, विरोध में तीन घंटे सड़क जाम

Published: Sun, 13 Sep 2026 08:08 PM (IST)

शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र में 30 वर्षीय ई-रिक्शा चालक अभिषेक की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

30 वर्षीय ई-रिक्शा चालक अभिषेक की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई।

30 वर्षीय ई-रिक्शा चालक अभिषेक की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई।

HighLights

  1. शाहबाद डेयरी में 30 वर्षीय ई-रिक्शा चालक अभिषेक की हत्या।

  2. हत्या के विरोध में स्वजनों ने तीन घंटे तक सड़क जाम की।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, हमलावर की तलाश जारी है।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र में शनिवार रात करीब 30 वर्षीय ई-रिक्शा चालक अभिषेक की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। अभिषेक की हत्या के विरोध में रविवार को उसके स्वजन और परिचितों ने थाने के समीप बस स्टैंड पर सड़क जाम कर दिया।

करीब तीन घंटे तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया।

चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब दस बजे अभिषेक पर एक हमलावर ने चाकू से कई वार किए थे। गंभीर रूप से घायल अभिषेक को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जांच शुरू कर दी।

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि हमलावर की पहचान हो सके। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हुई है और किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है। सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे स्वजन का कहना था कि अभिषेक का किसी से कोई विवाद नहीं था।

हमलावर को जल्द गिरफ्तार कर हत्या की वजह सामने लाने की मांग

उनका कहना था कि जब उसका किसी से झगड़ा या रंजिश नहीं थी तो आखिर उसकी हत्या क्यों की गई। स्वजन ने पुलिस से हमलावर को जल्द गिरफ्तार कर हत्या की वजह सामने लाने की मांग की। पुलिस अब हत्या के कारण का पता लगाने के लिए अभिषेक के संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं ई-रिक्शा के किराये या किसी अन्य लेनदेन को लेकर उसका किसी से विवाद तो नहीं हुआ था। इसके अलावा पुरानी रंजिश और आपसी विवाद समेत अन्य पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है।

जांच के आधार पर हमलावर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर हमलावर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर हत्या के कारण का पता चल सकेगा।मृतक के पिता शोभाराम प्रजापति ने बताया कि हमलावर बाइक पर थे। उनका बेटा काफी देर तक मौके पर तड़पता रहा लेकिन कोई बचाने नहीं आया।

घटना की जानकारी देने वाले को उसने कहा बेटे को निजी अस्पताल ले जाए वह पैसे दे देगा लेकिन उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया। उनका बेटा शादीशुदा था लेकिन कोई संतान नहीं था। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे से सुराग मिला है और आरोपित को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- नारायणा-इंद्रपुरी पुल योजना को मिलेगी रफ्तार, सांसद विधायक ने किया निर्माण स्थल का दौरा