DU Student Harassment: थाने-थाने भटकती रहीं छात्राएं, पुलिस ने नहीं सुनी शिकायत; वीडियो बनाकर सुनाई आपबीती
DU Student News: दिल्ली में हिंदू कॉलेज की छात्राओं से छेड़छाड़ के बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज करने में लापरवाही ...और पढ़ें
-1790411167850_m.webp)
दिल्ली में छात्राओं से छेड़छाड़ का मामला। सोशल मीडिया
HighLights
हिंदू कॉलेज की छात्राओं से छेड़छाड़ के बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज करने में देरी की।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद ही पुलिस ने मामला दर्ज किया।
यह घटना दिल्ली में महिला सुरक्षा और पुलिस की संवेदनशीलता पर सवाल उठाती है।
मोहम्मद साकिब, नई दिल्ली। Delhi student harassment: दिल्ली पुलिस की 'झांसी पेट्रोलिंग' और ऑल-विमेन गश्त के दावों के बीच, राजधानी दिल्ली में महिला सुरक्षा की जमीनी हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में है।
हिंदू कॉलेज की दो छात्राओं के साथ सरेराह हुई छेड़छाड़ के बाद, उन्हें शिकायत दर्ज कराने के लिए मौरिस नगर से लेकर मॉडल टाउन तक कई थानों के चक्कर काटने पड़े।
वीडियो बनाकर सुनानी पड़ी आपबीती
हैरानी की बात यह है कि पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने के बजाय उन्हें टाल दिया, जिसके बाद मजबूर होकर पीड़ितों को सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर अपनी आपबीती सुनानी पड़ी।
सोशल पर वीडियो वायरल होने और चौतरफा दबाव बनने के बाद ही पुलिस हरकत में आई और अंततः मुखर्जी नगर थाने में मामला दर्ज किया गया। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठता है कि क्या महिलाओं को न्याय पाने के लिए भी अब सोशल मीडिया के सहारे की जरूरत पड़ेगी?
दोनों जिलो में तैनात हैं महिला पुलिस उपायुक्त
मामले की गंभीरता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि संबंधित थाने उन दो जिलों में आते हैं जिसकी कमान महिला पुलिस उपायुक्तों के हाथ में है। मॉडल टाउन और मुखर्जी नगर से जुड़े क्षेत्र की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव हैं।
वहीं, उत्तरी जिले में आने वाले मौरिस नगर थाना क्षेत्र की पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट हैं। इसके बावजूद छात्राओं को शिकायत दर्ज कराने के लिए घंटों थानों के चक्कर लगाने पड़े। इससे महिला सुरक्षा के दावों के साथ-साथ थानों में शिकायतों पर त्वरित सुनवाई और संवेदनशीलता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस की नहीं दिख रही सख्ती
राजधानी में महिलाओं व युवतियों के साथ छेड़छाड़, दुष्कर्म और अभद्रता के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कश्मीरी गेट इलाके में चलती बस में सामूहिक दुष्कर्म, आस्था कुंज इलाके के डीडीए पार्क में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म सहित कई मामले हाल ही में ऐसे सामने आए हैं, जिनके बाद महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस के दावे हवा हवाई साबित हो रहे है।
दिल्ली में इस माह दुष्कर्म व यौन शोषण के मामले
- 21 सितंबर को आस्था कुंज के डीडीए पार्क में तीन लोगों ने किशोरी से किया सामूहिक दुष्कर्म
- 16 सितंबर को सदर बाजार में 10 वर्षीय बच्ची से दर्जी ने किया यौन शोषण
- 12 सितंबर को स्वरूप नगर में 16 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या
- 10 सितंबर को पश्चिमी दिल्ली के रणहौला में चार वर्षीय बच्ची से कैब चालक ने किया दुष्कर्म
- 10 सितंबर को निहाल विहार में सात वर्षीय बच्ची से पड़ोसी ने किया यौन शोषण
- 10 सितंबर को ही स्वरूप नगर में 12 वर्षीय बच्ची से रिश्तेदार पर दुष्कर्म का आरोप
हमारे पास जैसे ही छात्राओं की शिकायत मिली हमने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और पहले आरोपियों की कार जब्त कर दो आरोपियों को पकड़ भी लिया। उनसे पूछताछ कर मुख्य आरोपियों की तलाश जारी है। हमारी ओर से इस मामले में कोई लापरवाही नहीं हुई है। - आकांक्षा यादव, जिला पुलिस उपायुक्त
यह भी पढ़ें- 'अर्बन माइंडसेट' लिखी टी-शर्ट पर टिप्पणी, SUV से पीछा कर छात्रा से छेड़छाड़; दो आरोपी गिरफ्तार
