दिल्ली में 291 करोड़ की परियोजना को झटका, ग्रेप पाबंदियों के कारण 2027 तक टला डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण
दिल्ली के यमुना विहार-भजनपुरा डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण ग्रेप पाबंदियों के कारण मार्च 2027 तक टल गया है। इससे ...और पढ़ें
-1771420011717_v-1794912763421_m.webp)
ईस्ट दिल्ली के भजनपुरा में डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण पूरा नहीं हुआ। फाइल फोटो
HighLights
यमुना विहार-भजनपुरा डबल डेकर फ्लाईओवर निर्माण में देरी।
ग्रेप पाबंदियों के कारण मार्च 2027 तक टला।
291.10 करोड़ की परियोजना, कई बार समय-सीमा बढ़ी।
सौरभ पांडेय, पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सबसे बड़े जाम प्वाइंट पर लोगों को राहत मिलने की उम्मीद एक बार फिर तीन महीने आगे बढ़ गई है।
यमुना विहार से भजनपुरा के बीच बन रहे राजधानी के पहले डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण अब दिसंबर तक पूरा नहीं हो सकेगा। ग्रेप की पाबंदियों के चलते निर्माण कार्य रुकने से इसकी समय-सीमा मार्च 2027 तक पहुंच गई है।
करीब 291.10 करोड़ रुपये की इस परियोजना की समय-सीमा पहले भी कई बार बढ़ाई जा चुकी है। ऐसे में स्थानीय लोगों को अब जाम से राहत के लिए तीन महीने और इंतजार करना पड़ेगा।
करीब 1.40 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर की खासियत है कि इसके ऊपरी हिस्से में मेट्रो ट्रैक और निचले हिस्से में चार लेन की सड़क बनाई गई है। ऊपरी हिस्से में मेट्रो का परिचालन आठ मार्च 2026 से शुरू हो चुका है, लेकिन सड़क वाले हिस्से का निर्माण और दोनों तरफ के रैंप का काम पूरा नहीं होने से वाहन चालकों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
पेड़ों की अनुमति से लेकर ठेकेदार की अड़चन तक
परियोजना की घोषणा वर्ष 2019 में हुई थी। शुरुआती अनुमानित लागत 220.10 करोड़ रुपये थी। बाद में संशोधित लागत बढ़ाकर 291.10 करोड़ रुपये कर दी गई। 30 दिसंबर 2024 तक इसे पूरा किया जाना था। बाद में जुलाई 2025 और फिर अक्टूबर 2025 तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया, लेकिन पेड़ों की कटाई और प्रत्यारोपण की अनुमति नहीं मिलने से निर्माण प्रभावित हुआ। करीब दो साल तक काम अटका रहा।
दिसंबर 2025 में पेड़ों की कटाई की अनुमति मिलने के बाद शेष निर्माण का रास्ता खुला। इसके बाद अधूरे रैंप और अन्य कार्यों को पूरा कराने के लिए डीएमआरसी ने दोबारा टेंडर प्रक्रिया अपनाई। अप्रैल 2026 में शेष काम के लिए नए टेंडर जारी किए गए।
अब मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य
इसके बाद परियोजना की समय-सीमा 31 अक्टूबर 2026 रखी गई और फिर दिसंबर 2026 तक काम पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित हुआ। लेकिन नवंबर में वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए लागू पाबंदियों ने एक बार फिर निर्माण की रफ्तार रोक दी।
20 नवंबर तक दिल्ली-एनसीआर में धूल उड़ाने वाले बाहरी निर्माण कार्यों पर रोक लगाई गई है। घोंडा के विधायक अजय महावर ने कहा कि फ्लाईओवर का काम जल्द से जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क रखा जा रहा है, ताकि शेष निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।