दिल्ली के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, केंद्र ने शहरी कार्य मंत्रालय को दो विभागों में बांटा
केंद्र सरकार ने दिल्ली के बेहतर प्रबंधन के लिए आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय को दो विभागों में बांटा है। ...और पढ़ें

केंद्र सरकार ने दिल्ली के बेहतर प्रबंधन के लिए आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय को दो विभागों में बांटा है। इमेज एआई
HighLights
केंद्र सरकार ने आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय को दो भागों में बांटा।
राजधानी विकास विभाग अब दिल्ली के सभी विकास कार्य देखेगा।
इस पहल से दिल्ली के विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली से जुड़ी विकास योजनाओं में अब जहां तेजी देखने को मिलेगी, वहीं समस्याओं का भी त्वरित निराकरण होगा। केंद्र सरकार ने दिल्ली के बेहतर प्रबंधन के लिए अपने आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय को दो विभागों में बंटाने का फैसला लिया है।
इनमें एक राजधानी विकास व दूसरा शहरी विकास विभाग होगा। ऐसे में दिल्ली से जुड़े सभी तरह के मामलों को अब राजधानी विकास विभाग देखेगा, जबकि देश के बाकी शहरी क्षेत्रों से जुडे काम-काज व योजनाओं को शहरी विकास विभाग देखेगा।
केंद्र सरकार ने की अधिसूचना जारी
राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद केंद्र सरकार ने गुरुवार को इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी है। जिसमें कहा गया है कि भारत सरकार (कार्य आवंटन) नियम 1961 के तहत की गई शक्तियों का प्रयोग करते हुए विभागों का बंटवारा किया गया है।
इस दौरान राजधानी विकास विभाग के अधीन रक्षा मंत्रालय, रेल मंत्रालय, परमाणु ऊर्जा विभाग व अंतरिक्ष विभाग या फिर ऐसे भवन व भूमि जिसका नियंत्रण उनके निर्माण या अर्जन के समय या उसके पश्चात स्थायी रुप से अन्य मंत्रालयों व विभागों को सौंप दिया गया है के अतिरिक्त सभी भूमि, भवन और बाजार शामिल होंगे।
इनमें दिल्ली विकास प्राधिकरण, दिल्ली मास्टर प्लान, दिल्ली के सफाई का काम, राजघाट समाधि समिति, सरकारी कालोनियां, दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन, दिल्ली होटल का प्रशासन आदि इसके दायरे में आएगी।
वहीं शहरी विकास विभाग के दायरे में दिल्ली के बाहर सभी शहरों से जुड़ी मेट्रो रेल परियोजनाएं सहित शहरी विकास से जुड़ी योजनाएं आदि शामिल होंगी। माना जा रहा है कि इस पहल से दिल्ली से जुड़े कामों में तेजी आएगी। उन्हें अलग-अलग विभागों में नहीं अटकना व भटकना पड़ेगा।
