विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में डिलीवरी ब्वॉय से लूटपाट, आंखों में मिर्च झोंककर पार्सल चुराने वाली दो बहनें गिरफ्तार

By Rajeev RanjanEdited By: Kapil Kumar
Published: Sun, 27 Sep 2026 01:21 PM (IST)

दिल्ली में डिलीवरी ब्वॉय से पार्सल लूटने के आरोप में दो बहनों को 15 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया ...और पढ़ें

दो बहनों को गिरफ्तार किया। AI जनरेटेड

दो बहनों को गिरफ्तार किया। AI जनरेटेड

HighLights

  1. बाहरी दिल्ली के बुध विहार में डिलीवरी ब्वॉय से लूट।

  2. दो बहनों ने मिर्च झोंककर पार्सल लूटे और फरार हुईं।

  3. पुलिस ने 15 घंटे में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बाहरी दिल्ली के बुध विहार इलाके में डिलीवरी ब्वॉय से पार्सल लूटने के मामले को पुलिस ने 15 घंटे में सुलझाते हुए दो बहनों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान 26 और 20 वर्षीय युवतियों के रूप में हुई है।

स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद

26 वर्षीय युवती ने फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया है, जबकि 20 वर्षीय युवती 12वीं कक्षा छोड़ चुकी है। पुलिस के अनुसार, दोनों बहनें हैं। दोनों करोलबाग की रहने वाली हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए तीन पार्सल, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर की शाम करीब 7:20 बजे सेक्टर-5, रोहिणी स्थित हनुमान मंदिर के पास एक डिलीवरी ब्वॉय पार्सल लेकर पहुंचा था। इसी दौरान एक युवती ग्राहक बनकर उसके पास पहुंची और डिलीवरी बैग से पार्सल जबरन निकालने का प्रयास किया।

डिलीवरी ब्वॉय को पीछे से मारी टक्कर

डिलीवरी ब्वॉय ने विरोध किया तो युवती ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसी बीच दूसरी युवती स्कूटी से वहां पहुंची और उसने डिलीवरी ब्वॉय को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गया और उसके पैर में चोट आई। इसके बाद दोनों युवतियां कई पार्सल लेकर फरार हो गईं।

शिकायत के आधार पर बुध विहार थाने में एफआईआर संख्या 330/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(6)/3(5) में मुकदमा दर्ज किया गया।

इस मामले की जांच के लिए एसएचओ इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार के नेतृत्व और एसीपी प्रशांत विहार आरपी मीणा की निगरानी में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचना के आधार पर दोनों की पहचान की और 15 घंटे के भीतर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। मामले में आगे की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली क्राइम ब्रांच ने रोहित गोदारा-नवीन बाक्सर गिरोह के शूटर को दबोचा, झज्जर में 30 राउंड फायरिंग में था शामिल