20 हजार में बेचते थे बैंक खाते और 1,500 में फर्जी सिम, दिल्ली में 1.59 करोड़ की ठगी करने वाला गैंग बेनकाब
साइबर थाना पुलिस ने दिल्ली में बैंक खातों और फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले गिरोहों का भंडाफोड़ किया है। ...और पढ़ें
--1793730178897_m.webp)
साइबर ठगों को बैंक खाते बेचने वाले पकड़े। फोटो: सांकेतिक
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। साइबर ठगी के लिए बैंक खाते और फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले गिरोहों का बाहरी उत्तरी जिला साइबर थाना पुलिस ने चार अलग-अलग मामलों में पर्दाफाश किया है।
जांच में सामने आया कि साइबर ठगों को करीब 70 म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराए गए, जबकि ग्राहकों की जानकारी के बिना 187 सिम कार्ड जारी कराए गए।
तीन बैंक खाते 20 हजार रुपये में बेचने का मामला भी सामने आया है। पुलिस ने चारों मामलों को एनसीआरपी पोर्टल की 125 शिकायतों से जोड़ा है, जिनमें करीब 1.59 करोड़ रुपये की ठगी हुई।
70 म्यूल बैंक खाते ठगों को कराए उपलब्ध
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त लोकेश वरन के अनुसार, पहले मामले में देवेंद्र उर्फ सचिन (19) को गिरफ्तार किया गया। वह साथी मोहित के साथ शाहबाद डेयरी के लोगों को बीमा लाभ और आर्थिक फायदा दिलाने का झांसा देकर बैंक खाते खुलवाता था।
इसके बाद खाताधारकों की बैंकिंग किट हैदराबाद में सक्रिय साइबर ठगों तक पहुंचाई जाती थी। इसके बदले आरोपी करीब 10 प्रतिशत कमीशन लेते थे। मोहित की पहचान हो चुकी है। वह आर्म्स एक्ट के मामले में तिहाड़ जेल में बंद है।
ग्राहकों की जानकारी के बिना जारी किए 187 सिम
दूसरे मामले में टेलीकॉम डीलर अतुल, समीर उर्फ सैम और पंकज गिरफ्तार किए गए। अतुल ग्राहकों के फोटो और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उनकी जानकारी के बिना अतिरिक्त सिम कार्ड जारी करवाता था।
बाद में इन्हें करीब 1,500 रुपये प्रति सिम बेच दिया जाता था। इस तरह 187 सिम कार्ड हासिल किए गए।
20 हजार रुपये में बेचे तीन बैंक खाते
तीसरे मामले में सुमित को गिरफ्तार किया गया। उस पर विक्की चौहान को साइबर ठगी के लिए 20 हजार रुपये में तीन बैंक खाते बेचने का आरोप है। विक्की की तलाश जारी है।
एपीके फाइल भेजकर एमसीडी इंस्पेक्टर से ठगी
चौथे मामले में पंजाब के जालंधर से सौरव को गिरफ्तार किया गया। उस पर एमसीडी इंस्पेक्टर को एपीके आधारित फाइल भेजकर ठगी करने का आरोप है।
मोबाइल की जांच में 29 बैंक खाते, 85 डेबिट-क्रेडिट कार्ड और 10 मास्क्ड कार्ड से जुड़ी 124 प्रविष्टियां मिलीं। सौरव ने ऑनलाइन सोने की खरीदारी, गिफ्ट कार्ड और क्रेडिट कार्ड भुगतान के जरिये करीब 3.73 करोड़ रुपये की ठगी की रकम का लेनदेन किया।
इस रकम से खरीदी गई 500 वर्ग गज की बेकरी फैक्ट्री और कार की जांच की जा रही है। उसके खिलाफ साइबर अपराध के आठ पुराने मामले भी दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से आठ मोबाइल, आठ एटीएम कार्ड, सात चेकबुक, दो बैंक पासबुक, पीओएस मशीन, 10,030 रुपये और बाइक बरामद की है। नेटवर्क के तार दिल्ली से हैदराबाद, जामताड़ा, गुजरात और पंजाब तक जुड़े हैं। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।