विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

निवेश के नाम पर 24 लाख हड़पे, फिर क्रिप्टो में ट्रांसफर की रकम; दिल्ली साइबर पुलिस ने 3 को किया गिरफ्तार

Published: Tue, 24 Nov 2026 11:03 PM (IST)

दिल्ली साइबर पुलिस ने निवेश धोखाधड़ी की रकम को बैंक खातों में मंगवाकर क्रिप्टोकरेंसी में ट्रांसफर करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर 24 लाख रुपये की ठगी में शामिल होने का आरोप है।

दिल्ली पुलिस ने साइबर ठगी के तीन आरोपियों को पकड़ा। फोटो: सांकेतिक

दिल्ली पुलिस ने साइबर ठगी के तीन आरोपियों को पकड़ा। फोटो: सांकेतिक

HighLights

  1. साइबर पुलिस ने निवेश धोखाधड़ी के तीन आरोपी पकड़े।

  2. ठगी की 24 लाख रुपये रकम क्रिप्टो में बदली गई।

  3. आरोपी बैंक खाते उपलब्ध कराकर कमीशन लेते थे।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। साइबर ठगी की रकम को बैंक खातों में मंगवाकर आगे क्रिप्टोकरेंसी में ट्रांसफर करने और इसके बदले कमीशन लेने वाले तीन आरोपियों को उत्तर-पूर्वी जिला साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

इनकी पहचान पंजाब के अबोहर निवासी बगीचा, धर्मिंदर सिंह बराड़ और परबोध कुमार के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने और ठगी की रकम को आगे पहुंचाने के साथ क्रिप्टोकरेंसी में बदलने में मदद करते थे।

निवेश के नाम पर 24 लाख की ठगी

करावल नगर निवासी विक्रम सिंह से निवेश के बदले मोटा मुनाफा कमाने के नाम पर करीब 24 लाख की ठगी की शिकायत पर 15 सितंबर को साइबर थाने में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी।

पीड़ित को वाट्सएप ग्रुप के जरिये ऑनलाइन निवेश योजना से जोड़कर मुनाफे का लालच दिया गया। शुरुआत में प्लेटफार्म पर मोटा लाभ दिखाकर विश्वास जीता गया, लेकिन रकम निकालने की कोशिश करने पर अलग-अलग बहाने बनाकर अतिरिक्त पैसे जमा कराने को कहा गया।

जांच में सामने आया कि पीड़ित को निवेश के लिए प्रेरित करने वाले लोग विदेश से काम कर रहे थे। ठगी की रकम में से तीन लाख एक हजार रुपये 14 सितंबर को अमृतसर स्थित वूलन मिल्स के नाम से संचालित बैंक खाते में जमा हुए थे।

खाते के संचालक परबोध कुमार ने पूछताछ के दौरान दस्तावेज खोने की बात कही और लेनदेन की जानकारी से इनकार किया।

गुरुग्राम के होटल से मुख्य आरोपी गिरफ्तार

मनी ट्रेल की जांच की तो पुलिस ने आरोपी बगीचा को गुरुग्राम के एक होटल से गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल से ठगी में शामिल लोगों के संपर्क और सहयोगियों से जुड़े अहम सुराग मिले।

बगीचा की पूछताछ के बाद पुलिस ने 18 नवंबर को पंजाब के अबोहर में छापेमारी कर धर्मिंदर सिंह बराड़ को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर गुरुग्राम के होटल से बैंक खाते की गतिविधियों से जुड़ा रेडमी मोबाइल बरामद किया गया।

उसके पास से एक अन्य मोबाइल भी मिला, जिसमें साइबर ठगी से जुड़े सहयोगियों के साथ चैट थी। इसके बाद बैंक खाता उपलब्ध कराने के आरोप में परबोध कुमार को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों से कुल चार मोबाइल बरामद हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।