दिल्ली: बीमा पालिसी पर 42 लाख का लोन दिलाने के नाम पर 2.76 लाख की ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़; 4 गिरफ्तार
दक्षिण-पश्चिम जिले की साइबर पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर और यूपी में सक्रिय एक अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ कर चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

साउथ वेस्ट दिल्ली के एडिशनल डीसीपी अभिमन्यू पोसवाल और पकड़े गए आरोपी। फोटो में बाएं से दाएं
HighLights
अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार।
जीवन बीमा पॉलिसी पर लोन का झांसा देकर ठगी।
पालम निवासी से 2.76 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम जिले के साइबर पुलिस थाने की टीम ने दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में सक्रिय संगठित अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को जीवन बीमा पालिसी पर लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करते थे। पालम निवासी व्यक्ति से भी आरोपितों ने 2.76 लाख रुपये की ठगी की, जिसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए साइबर पुलिस ने आरोपितों को दबोचा है।
इनके पास से छह मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिसमें लेन-देन से संबंधित चैट, खाते का विवरण, लॉग-इन क्रेडेंशियल और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल सबूत मौजूद हैं।
14 जुलाई 2020 को ली थी बीमा पॉलिसी
दक्षिणी पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल के मुताबिक पालम के महावीर एन्क्लेव निवासी व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने 14 जुलाई 2020 को एक जीवन बीमा पॉलिसी ली थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वे इसका प्रीमियम नहीं भर पाए। इसके बाद, कुछ अज्ञात लोगों ने उनसे संपर्क किया और उनकी पालिसी पर लोन दिलाने की बात कही।
आरोपियों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर पीड़ित को प्रोसेसिंग फीस, फाइल चार्ज, विड्राल चार्ज, जीएसटी और अन्य खर्चों के नाम पर बार-बार पैसे देने के लिए राजी कर लिया। फर्जी दस्तावेज भी भेजे, जिनमें दावा किया गया कि उनके खाते में 41,94,659.83 रुपये जमा हो गए हैं।
इस रकम को जारी करने के लिए और पैसों की मांग की। उनकी बातों पर भरोसा करके, पीड़ित ने उनके बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 2,76,012 रुपये ट्रांसफर कर दिए। हालांकि, न तो उन्हें कोई लोन मिला और न ही उनके पैसे वापस किए गए।
इस तरह गिरफ्त में आए आरोपित
दक्षिण-पश्चिम जिले के साइबर थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर प्रवेश कौशिक की देखरेख में व दक्षिण-पश्चिम जिले के एसीपी (आपरेशंस) संदीप घई के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच से पता चला कि ठगी गई रकम में से 2,10,000 रुपये अंसार अहमद के नाम पर रजिस्टर्ड एक बैंक खाते में जमा किए गए थे। इसके बाद यह रकम तारीफ अनवर से जुड़े खातों में ट्रांसफर की गई। तकनीकी निगरानी और वित्तीय विश्लेषण के जरिए तारीफ अनवर की पहचान हुई, जिसे उत्तर प्रदेश के लोनी से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसने अपने साथियों, अमित कुमार शर्मा और ओमेश्वर दयाल शर्मा के जरिए जीवन बीमा पालिसी धारकों की जानकारी हासिल की थी। इसके बाद, उसने पालिसी धारकों से संपर्क किया और उन्हें उनकी बीमा पालिसियों के बदले लोन देने का झांसा दिया।
आगे की जांच में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से अंसार अहमद, अमित कुमार शर्मा और ओमेश्वर दयाल शर्मा को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक ये चारों आरोपित एक संगठित अंतर-राज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह के जालसाज के रूप में काम कर रहे थे।
इस तरह बंटा था गिरोह के हर जालसाज का काम
- तारीफ अनवर (लोनी, गाजियाबाद): बैंक अधिकारी बनकर लोगों को काल करता था। साथ ही, ठगी गई रकम को प्राप्त करने और उसे आगे ट्रांसफर करने के लिए 'म्यूल' बैंक खातों का इंतजाम करने और उन्हें संचालित करता था।
- अंसार अहमद (राजीव नगर, श्री राम कॉलोनी, दिल्ली) : 'म्यूल अकाउंट' धारक के रूप में काम किया और कमीशन के बदले अपने बैंक खाते का इस्तेमाल धोखाधड़ी की रकम प्राप्त करने के लिए करने दिया।
- ओमेश्वर दयाल शर्मा (न्यू उस्मानपुर, दिल्ली): बीमा पालिसी धारकों का विवरण जुटाने और बीमा अधिकारी बनकर पीड़ितों को झांसे में लेने में शामिल।
- अमित कुमार शर्मा (करतार नगर, दिल्ली): ओमेश्वर दयाल शर्मा के साथ मिलकर बीमा पालिसी धारकों का डेटा और फर्जी सिम कार्ड जुटाने का काम किया। साथ ही ये बैंकिंग अधिकारी बनकर पीड़ितों से संपर्क करना व झांसे में लेना।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।