'कभी घटिया कमेंट करेंगे तो कभी मेरे शब्दों को पकड़ेंगे', CM रेखा गुप्ता ने AAP पर बोला हमला
दिल्ली विधानसभा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उपराज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान विपक्ष पर पलटवार किया। उन्होंने AAP ...और पढ़ें
-1767974452420_m.webp)
सीएम रेखा गुप्ता ने सदन में आम आदमी पार्टी पर जमकर बोला हमला।
HighLights
AAP पर हजारों करोड़ की वित्तीय देनदारियां छोड़ने का आरोप।
सीएम रेखा गुप्ता ने अपनी सरकार की 11 माह की उपलब्धियां गिनाईं।
AAP पर महिला मुख्यमंत्री को स्वीकार न करने का आरोप लगाया।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा सदन में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उपराज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान विपक्ष के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि हम अपने चुनाव घोषणापत्र के हर बिंदु पर 100 प्रतिशत काम करेंगे। कहा कि एक भी काम नहीं छोड़ा जाएगा।
उन्होंने विपक्ष पर हमलावर होते हुए साफ किया कि दिल्ली की सरकार में आप के लोग जो हजारों करोड़ की देनदारियां छोड़ गए हैं, उनकी सरकार उन्हें ही अभी भरने में लगी हुई है। उन्होने कहा कि उन लोगों को इस बात का अहसास नहीं था आप सरकार हजारों करोड़ की देनदारियाें का भारी भरकम बोझ छोड़ कर गई है।
उन्होंने कहा कि इन लोगों को 24x7 एक महिला मुख्यमंत्री काम करते हुए अच्छी नहीं लगती। उनको तकलीफ होती है, सहन नहीं होता। कभी सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली कुछ बातें कहेंगे। फिर कभी घटिया कमेंट करेंगे। फिर बेबुनियाद इल्जाम लगाएंगे। फिर कभी शब्दों को पकड़ेंगे। लेकिन जो आपने किया, वो शब्दों की गलती नहीं थी। आपने होश-हवास में दिल्ली की जनता से झूठ बोला। अनशन से शीशमहल तक का सफर गलती से नहीं हुआ…वो जानबूझकर था। वो सोची-समझी राजनीति थी। वो षड्यंत्र था।
वित्तीय और प्रशासनिक देनदारियों के बोझ: रेखा गुप्ता
सीएम ने कहा कि आप सरकार दिल्ली को जो भारी वित्तीय और प्रशासनिक देनदारियों के बोझ तले छोड़ गई थी। बिजली, पानी, स्वास्थ्य, परिवहन, शिक्षा, खेल और सामाजिक कल्याण से जुड़े कई विभागों में हजारों करोड़ रुपये की देनदारियां लंबित थीं, जिनका कोई स्पष्ट लेखा-जोखा तक नहीं छोड़ा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) को भुगतान, बिजली वितरण कंपनियों के बकाया, दिल्ली जल बोर्ड की वित्तीय बदहाली, अधूरी अस्पताल परियोजनाएं और बिना बजट शुरू की गई योजनाएं इसका प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने घोषणाएं तो खूब कीं, लेकिन उनके लिए आवश्यक वित्तीय प्रविधान नहीं किए, जिससे वर्तमान सरकार को न केवल विकास कार्य शुरू करने पड़े, बल्कि पुरानी देनदारियों को भी चुकाना पड़ रहा है।
हम धरने में नहीं, काम करने में करते हैं विश्वास: रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री ने दिल्ली विधानसभा में अपनी सरकार के 11 माह के कार्यकाल की उपलब्धियों को सिलसिलेवार, तथ्यात्मक आंकड़ों व प्रखर विचारों से विस्तार से पेश किया, सीएम ने कहा कि हमारी सरकार धरने में नहीं, काम करने में विश्वास रखने वाली सरकार है। साथ ही पिछली आम आदमी पार्टी सरकार के 11 वर्षों के शासन की विफलताओं, अव्यवस्थाओं और भ्रष्टाचार की परत-दर-परत पोल भी खोली। सदन में मुख्यमंत्री आहत भी दिखीं।
उन्होंने कहा कि विपक्ष उनकी मानवीय भूल पर जानबूझकर छींटाकशी करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को यह स्वीकार नहीं हो पा रहा है कि आज दिल्ली की मुख्यमंत्री एक महिला है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी कोई शब्द गलती से बोला हाेगा, मगर आप नेता जानबूझकर गुरुओं का अपमान कर रहे हैं।
