'कॉलेजों के आसपास बढ़ेंगी सुरक्षा, डार्क स्पॉट्स पर नजर', CM रेखा गुप्ता का छात्राओं को आश्वासन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के कॉलेजों की छात्राओं से संवाद कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं को सुना। उन्होंने डार्क ...और पढ़ें

सीएम रेखा गुप्ता के एक्स अकाउंट से ली गई तस्वीर।
HighLights
कॉलेजों के आसपास डार्क स्पाट्स की पहचान होगी।
स्ट्रीट लाइट, पिंक बूथ और बस सुविधा सुधरेगी।
एक लाख स्मार्ट स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में कॉलेजों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा मजबूत करने के लिए डार्क स्पाट्स की पहचान, सुरक्षा ऑडिट और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था पर जोर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में विभिन्न कॉलेजों की छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्राओं के सुझावों पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सीएम रेखा गुप्ता के आगे छात्राओं ने रखी अपनी मांग
बैठक में लेडी श्रीराम कॉलेज, गार्गी कालेज, दौलत राम कॉलेज, जीसस एंड मैरी कॉलेज, मैत्रेयी कालेज, अदिति महाविद्यालय, भारती कॉलेज और जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज सहित विभिन्न संस्थानों की छात्राओं ने सुरक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए।
उन्होंने कॉलेजों के आसपास स्ट्रीट लाइट लगाने, पिंक बूथों की उपलब्धता बढ़ाने, महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, नियमित पुलिस गश्त और सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने की मांग की।
बस सुविधा और शिकायत निवारण पर भी जोर
छात्राओं ने सिरी फोर्ट रोड, कमला नेहरू कॉलेज, मुखर्जी नगर और बत्रा सिनेमा सहित छात्र-बहुल क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने का सुझाव दिया। ऑफ-कैंपस कॉलेजों तक डीटीसी बसों की पर्याप्त उपलब्धता, निर्धारित स्टॉप पर बसों के रुकने, पीजी क्षेत्रों में निगरानी और मेट्रो स्टेशनों से कॉलेजों तक सुरक्षित आवागमन का मुद्दा भी उठाया गया।
सीएम गुप्ता ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्राओं की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया जाएगा।
छात्राओं और अधिकारियों के बीच संवाद के लिए बनाए गए वॉट्सऐप ग्रुप को सक्रिय रखा जाएगा। आपात स्थिति में छात्राएं हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क कर सकती हैं।
एक लाख स्मार्ट स्ट्रीट लाइट लगाने की दिशा में काम
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में लगभग एक लाख स्मार्ट स्ट्रीट लाइट लगाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इन्हें इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ने और रखरखाव की व्यवस्था करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना भय के शिक्षा प्राप्त कर सकें और स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ सकें।
यह भी पढ़ें- बीआरएबीयू के विद्यार्थी इनोवेट फॉर भारत 2047 में दिखाएंगे हुनर, नई दिल्ली में होगा आयोजन
