विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मेरी दिल्ली में किसी व्यक्ति को तकलीफ न हो, यह मेरी जिम्मेदारी', सेवा संकल्प अभियान में बोलीं रेखा गुप्ता

Published: Thu, 24 Sep 2026 08:56 PM (IST)

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हैदरपुर में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत नि:शुल्क मेगा हेल्थ चेकअप कैंप का उद्घाटन ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हैदरपुर में मेगा हेल्थ कैंप का किया शुभारंभ।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हैदरपुर में मेगा हेल्थ कैंप का किया शुभारंभ।

HighLights

  1. हैदरपुर में नि:शुल्क मेगा हेल्थ चेकअप कैंप का उद्घाटन।

  2. नए सामुदायिक भवन, छठ घाट और स्कूल निर्माण की घोषणा।

  3. झुग्गीवासियों के लिए बेहतर आवास का आश्वासन दिया गया।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। मेरी दिल्ली में एक भी व्यक्ति को तकलीफ न आए, यह मेरी जिम्मेदारी है। दिल्ली के किसी भी व्यक्ति को परेशानी न हो और कोई भी गरीब दुख न पाए, यह भी मेरी जिम्मेदारी है। सरकार द्वारा किए जा रहे सभी विकास कार्य लोगों के बेहतर भविष्य और उनके जीवन को सुविधाजनक बनाने के लिए हैं। यह बात दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सेवा संकल्प अभियान के तहत हैदरपुर में नि:शुल्क मेगा हेल्थ चेकअप कैंप का शुभारंभ करते हुए कही।

गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि उन्हें नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, सरकार उनके सुख-दुख में उनके साथ है। क्षेत्र में नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया है। स्थानीय लोग विवाह एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में इसका उपयोग कर सकेंगे। क्षेत्र की नहर के किनारे नए छठ घाट का निर्माण का कार्य किया जा रहा है, जिससे छठ पर्व पर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

हैदरपुर में नया आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थानीय नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बना रहा है। आने वाले समय में निरोग धाम विकसित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। क्षेत्र में लंबे समय से लंबित अस्पताल के निर्माण कार्य को भी आगे बढ़ाकर पूरा करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हैदरपुर क्षेत्र में लंबे समय से 12वीं तक के बड़े विद्यालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसके लिए लगभग 5,000 गज भूमि उपलब्ध कराई गई है और इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया तैयार की जा रही है।

स्वस्थ नागरिक ही सशक्त दिल्ली की नींव

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के हैदरपुर स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में निशुल्क मेगा हेल्थ चेकअप कैंप का शुभारंभ किया। कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त दिल्ली की नींव हैं। सरकार का प्रयास है कि स्वास्थ्य सेवाएं केवल अस्पतालों तक सीमित न रहें। नागरिकों के स्वास्थ्य और कल्याण को सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

झुग्गीवासियों को बेहतर आवास देना हमारी जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने झुग्गीवासियों से बातचीत में कहा कि क्षेत्र की एक भी झुग्गी नहीं तोड़ी जाएगी। यहां बेहतर आवास उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है। पहले चरण में हैदरपुर क्षेत्र के एयू ब्लाक और एओ ब्लाक की झुग्गियों के लिए आवास निर्माण से संबंधित टेंडर प्रक्रिया शुरू है। इनके आसपास उपयुक्त स्थान चिह्नित कर वहां आवास निर्माण होगा।

दूसरे चरण में आयुर्वेदिक अस्पताल क्षेत्र की झुग्गियों को शामिल किया जाएगा और आसपास भूमि तलाशेंगे। सरकार का उद्देश्य किसी को हटाना नहीं, बल्कि जीवन को बेहतर बनाना है। सड़क चौड़ी करने के लिए पुराने ढांचे और कूड़ेदान को हटाकर नए शौचालय एवं कूड़ेदान बना रहे हैं।

यह भी पढ़ें- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्री का बैग चुराने वाला गिरफ्तार, 5200 डॉलर और 7.90 लाख के गहने बरामद