MCD के 4,000 जनस्वास्थ्य कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, सीएम रेखा गुप्ता ने 'समान कार्य के लिए समान वेतन' पर लगाई मुहर
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने MCD पब्लिक हेल्थ सेक्टर के 4000 MTS कर्मचारियों के लिए 'समान कार्य के लिए समान वेतन' के ऐतिहासिक निर्णय पर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
-1792765767923_m.webp)
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, फोटो-एएनआई
HighLights
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने MCD MTS कर्मचारियों के कल्याण की प्रतिबद्धता दोहराई।
4000 जनस्वास्थ्य कर्मचारियों को 'समान कार्य समान वेतन' का लाभ मिला।
कर्मचारियों ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली नगर निगम (MCD) के मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS - पब्लिक हेल्थ) कर्मचारियों के कल्याण, अधिकारों और हितों की रक्षा के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है।
MCD के MTS कर्मचारियों द्वारा आयोजित विशेष 'धन्यवाद कार्यक्रम' में भाग लेते हुए मुख्यमंत्री ने सभी कर्मचारियों को 'समान कार्य के लिए समान वेतन' के ऐतिहासिक निर्णय पर बधाई दी।
4 हजार कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
प्रशासन के इस संवेदनशील और कर्मचारी-हितैषी फैसले से दिल्ली नगर निगम के जनस्वास्थ्य विभाग में कार्यरत लगभग 4000 कर्मचारियों को सीधा आर्थिक और सामाजिक लाभ पहुंचेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि MCD के पब्लिक हेल्थ कर्मी शहर की रीढ़ की हड्डी हैं, जो हर मौसम में दिल्लीवासियों को डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाने और जनस्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार हर उस कर्मचारी के साथ मजबूती से खड़ी है जो दिल्ली की सेवा में पूरी निष्ठा से लगा है।
समान कार्य के लिए समान वेतन का निर्णय
'समान कार्य के लिए समान वेतन' का निर्णय न केवल हमारे कर्मचारियों का अधिकार है, बल्कि उनके समर्पण और मेहनत का सम्मान भी है। लगभग 4,000 MTS कर्मचारियों के जीवन में आया यह सकारात्मक बदलाव हमारी प्राथमिकताओं को दर्शाता है। हम भविष्य में भी कर्मचारियों के अधिकारों, कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेंगे।
कर्मचारियों ने जताया आभार
MTS (पब्लिक हेल्थ) कर्मचारियों ने लंबे समय से चली आ रही इस मांग को पूरा करने पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली सरकार का सहर्ष धन्यवाद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया और दिल्ली की सफाई व स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर बनाने का संकल्प लिया।
