विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बीयर की छींटें पड़ने पर पीट-पीटकर मार डाला, दिल्ली टोर हाउस क्लब का मैनेजर और उसकी पत्नी समेत 5 गिरफ्तार  

Published: Tue, 13 Oct 2026 08:51 PM (IST)

सराय रोहिल्ला के टोर हाउस क्लब में बीयर गिरने के विवाद में कैब चालक दलजीत की पीट-पीटकर हत्या कर दी ...और पढ़ें

क्लब में दलजीत की पीट-पीटकर हत्या। फोटो: फाइल एवं जागरण

क्लब में दलजीत की पीट-पीटकर हत्या। फोटो: फाइल एवं जागरण

HighLights

  1. बीयर गिरने के मामूली विवाद में कैब चालक की हत्या

  2. क्लब मैनेजर, उसकी पत्नी और तीन बाउंसर गिरफ्तार हुए

  3. पुलिस कर रही क्लब के अन्य कर्मचारियों की भूमिका की जांच

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। सराय रोहिल्ला इलाके में स्थित टोर हाउस क्लब में बीयर की छींटें गिरने को लेकर हुए विवाद में 29 वर्षीय कैब चालक दलजीत की पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने क्लब के मैनेजर गौरव, उसकी पत्नी हर्षिता और तीन बाउंसरों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस, क्लब को सील करने के साथ ही घटना के समय मौजूद वेटरों और अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। घटना में दलजीत के दो दोस्त भी घायल हुए हैं।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात दलजीत अपने छह से सात दोस्तों के साथ टोर हाउस क्लब में पार्टी करने गया था। उसी दौरान क्लब के मैनेजर गौरव, उसकी पत्नी हर्षिता और उनके कुछ दोस्त भी वहां मौजूद थे।

सभी अपनी-अपनी पार्टी में व्यस्त थे। इसी दौरान डांस करते समय दलजीत और उसके दोस्तों के गिलास से बीयर छलककर हर्षिता पर गिर गई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

दोस्तों के साथ दलजीत को घेरकर पीटा

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर क्लब मैनेजर, बाउंसर और अन्य कर्मचारियों ने दलजीत व उसके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

अचानक हुए हमले के दौरान दलजीत के कुछ दोस्त किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहे, जबकि दलजीत और उसके दो दोस्त निशु व टिनू आरोपितों के चंगुल में फंस गए।

इसके बाद तीनों को लाठी-डंडों, लात-घूंसों और शराब की बोतल से बेरहमी से पीटा गया। हमले में दलजीत गंभीर रूप से घायल हो गया था।

दोस्तों ने गंभीर हालत में दलजीत को घर पहुंचाया

मारपीट के बाद उसके दोस्त गंभीर हालत में दलजीत को घर पहुंचाकर वहां से चले गए। घर पहुंचने के बाद दलजीत सो गया। रविवार दोपहर तक जब वह नहीं उठा तो पत्नी को चिंता हुई।

वह उसे लेकर गुरु गोविंद सिंह अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दलजीत को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार में मातम छा गया।

पत्नी का जन्मदिन मनाने क्लब आया था मैनेजर

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, क्लब मैनेजर गौरव की पत्नी हर्षिता का जन्मदिन 10 अक्टूबर को था। इसी सिलसिले में वह अपने दोस्तों के साथ क्लब में पार्टी कर रही थी। दूसरी ओर, दलजीत भी अपने दोस्तों के साथ क्लब में डांस कर रहा था।

इसी दौरान गिलास से बीयर छलककर हर्षिता पर गिर गई। मामूली बात से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मारपीट में क्लब के अन्य कर्मचारियों की क्या भूमिका थी और घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव क्यों नहीं किया। मामले में अन्य आरोपितों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

इकलौता कमाने वाला था दलजीत

दलजीत कैब चलाता था और परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसके परिवार में मां, पत्नी और आठ साल का बेटा है। सभी सराय रोहिल्ला इलाके में रहते थे।

उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं आठ वर्षीय बेटे बार-बार अपने पिता को याद कर रहा है।

यह भी पढ़ें- रूस की नौकरी ने दिया सदमा! देवरिया से वीजा लेकर निकले युवक, दिल्ली पहुंचते ही चूर हुए सपने