पहली बार दिल्ली की हवा बेहद खतरनाक, AQI पहुंचा 400 पार; GRAP-4 हो सकता है लागू
राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह प्रदूषण ने इस सीजन का सबसे खतरनाक स्तर छू लिया, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ...और पढ़ें

शुक्रवार सुबह घने कोहरे (स्मॉग) के बीच आते-जाते लोग। एएनआई
HighLights
दिल्ली का AQI पहली बार गंभीर श्रेणी में पहुंचा।
IIT दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक 488 दर्ज किया गया।
AQI 450 पार होने पर ग्रेप-4 लागू हो सकता है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में प्रदूषण ने शुक्रवार सुबह इस सीजन का सबसे खतरनाक स्तर छू लिया। हवा की गुणवत्ता पहली बार गंभीर श्रेणी में पहुंच गई। सुबह छह बजे ही दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 403 दर्ज किया गया।
सुबह आठ और नौ बजे भी यह इसी स्तर पर बना रहा। आसमान में छाई स्मॉग की घनी चादर ने कई इलाकों में दृश्यता कम कर दी। सुबह घरों से निकले लोगों को जहरीली हवा और धुंध का सामना करना पड़ा।
सबसे खराब रहा आईआईटी दिल्ली का एक्यूआई
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के समीर एप के अनुसार, सुबह आठ बजे तक आंकड़े देने वाले दिल्ली के 58 निगरानी केंद्रों में से 33 पर एक्यूआई गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया, जबकि 24 केंद्रों पर हवा बेहद खराब श्रेणी में रही। केवल एक केंद्र पर वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में दर्ज हुई।
सबसे खराब स्थिति आईआईटी दिल्ली की रही, जहां एक्यूआई 488 तक पहुंच गया। चांदनी चौक में 479 और दिल्ली विश्वविद्यालय के नार्थ कैंपस में 478 एक्यूआई दर्ज किया गया। बुराड़ी क्रॉसिंग में यह 456, जबकि आइटीओ और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में 451 रहा।
इसके अलावा जहांगीरपुरी (430), वजीरपुर (427), आनंद विहार (419), रोहिणी (413), आइजीआइ एयरपोर्ट टर्मिनल-3 (403) और टिकरी कलां (402) में भी हवा गंभीर श्रेणी में रही।
इससे पहले सुबह 6:05 बजे आईआईटी दिल्ली का एक्यूआई 487 दर्ज किया गया था। नार्थ कैंपस और चांदनी चौक में 476, पूसा में 468 और एनएसयूटी जाफरपुर में 461 एक्यूआई रहा।
19 जनवरी के बाद पहली बार गंभीर स्तर पर हवा
दिल्ली में इससे पहले 19 जनवरी को 24 घंटे का औसत एक्यूआई 410 दर्ज किया गया था। इसके बाद शुक्रवार को पहली बार हवा गंभीर श्रेणी में पहुंची है। हालांकि, शुक्रवार का अंतिम 24 घंटे का औसत एक्यूआई शाम चार बजे जारी होगा। सुबह के आंकड़े प्रदूषण की गंभीर स्थिति का संकेत दे रहे हैं।
ग्रेप-तीन लागू, अब 450 के पार जाने पर ग्रेप-चार
वायु गुणवत्ता में और गिरावट की आशंका को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) छह नवंबर को ही पूरे एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) का तीसरा चरण लागू कर चुका है। इसके तहत धूल उड़ाने वाली कई निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियों पर रोक, स्टोन क्रशर और खनन गतिविधियों को बंद करने तथा कुछ श्रेणियों के वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है।
दिल्ली और एनसीआर के तमाम शहरों में भी बीएस-3, बीएस-4 वाहनों पर प्रतिबंध
दिल्ली और एनसीआर के गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, गाजियाबाद तथा गौतमबुद्ध नगर में बीएस-तीन पेट्रोल और बीएस-चार तथा इससे पुराने डीजल हल्के मोटर वाहनों के परिचालन पर भी पाबंदी है। दिल्ली में कुछ श्रेणियों के पुराने डीजल मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी रोक है।
यदि दिल्ली का 24 घंटे का औसत एक्यूआई 450 के पार पहुंचकर गंभीर प्लस श्रेणी में आता है तो ग्रेप का चौथा और सबसे सख्त चरण लागू करना पड़ेगा।
इस बीच, शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक रहा।
यह भी पढ़ें- दिल्ली की हवा हुई जहरीली, 400 के पार पहुंचा AQI; बुजुर्गों और बच्चों को घर से बाहर न निकलने की सलाह
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।