साकेत में पांच मंजिला इमारत ढही, मलबे से 12 लोगों को निकाल पहुंचाया गया अस्पताल; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
दिल्ली के सैदुलअजाइब में एक पांच मंजिला इमारत ढह गई, जिसमें 70-80 लोग मौजूद बताए जा रहे थे। बचाव अभियान ...और पढ़ें
-1780172782473_m.webp)
सैदुलअजाइब में शनिवार शाम को एक पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई।
HighLights
पांच मंजिला इमारत सैदुलअजाइब, महरौली में ढही।
बचाव अभियान में अब तक 12 लोग निकाले गए।
घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
मुहम्मद रईस, नई दिल्ली। महरौली थाना क्षेत्र स्थित सैदुलअजाइब में शनिवार शाम को एक पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई। घटना के समय इमारत में 70-80 लोग मौजूद बताए जा रहे थे, जिनमें कुछ विदेशी छात्र भी थे। सूचना पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। रात 12 बजे तक मलबे से 12 लोगों को निकालकर एम्स अस्पताल पहुंचाया जा चुका था।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए दिल्ली पुलिस की तरफ से ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है। इमारत में कोचिंग, पीजी, आफिस, कैफे और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं। शाम के समय आफिस बंद हो गया था। वीकेंड व शाम का वक्त होने की वजह से ज्यादातर लोग बाहर गए हुए थे।
15 साल पहले दो मंजिला इमारत बनाई गई थी
स्थानीय लोगों के मुताबिक साकेत मेट्रो स्टेशन के निकट स्थित सैदुलअजाइब इलाके में करीब एक हजार वर्गगज जगह में 15 साल पहले दो मंजिला इमारत बनाई गई थी। इस पर जरूरत के मुताबिक धीरे-धीरे निर्माण होता गया और अब इस इमारत की पांचवीं मंजिल के ऊपर एक और तल का निर्माण कार्य चल रहा था।
करीब 400 वर्गगज की यह इमारत कर्मवीर जेलर नामक शख़्स की बताई जा रही है। इसके अन्य मंजिलों पर अराइज कोचिंग, पीजी, कैफे और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं। बड़ी संख्या में लोग अवकाश होने की वजह से बाहर चले गए थे। जो लोग बचे थे, उनमें भी ज्यादातर लोग आसपास मौजूद कैफे, रेस्तरां या फिर स्वजन व दोस्तों के यहां गए हुए थे।
घटना के समय लगभग 80 लोग मौजूद थे
स्थानीय निवासियों के मुताबिक घटना के समय लगभग 80 लोग मौजूद थे। पांच मंजिला इमारत के ठीक बगल में एक मंजिला छोटा भवन था, जिसमें एक महिला की कैंटीन है। आस-पास के लोगों के मुताबिक इसमें ज्यादातर लोग कैंटीन में खाना खा रहे थे, जबकि कुछ लोग इमारत के भूतल स्थित लाइब्रेरी में थे। ऊपरी मंजिलों पर कोई नहीं था।
इसी बीच शाम करीब साढ़े सात बजे अचानक इमारत ढह गई। मलबा बगल वाले मकान पर गिरने से खाना खा रहे लोग और भूतल की लाइब्रेरी में मौजूद लोग चपेट में आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व एनडीआरएफ की टीम ने रात 12 बजे तक 12 लोगों को बाहर निकाल लिया था। ये सभी लोग पराठे की दुकान वाले क्षेत्र से ही निकाले गए हैं।
लोगों को एम्स में प्राथमिकता के आधार पर उपचार चल रहा
घटना की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग के साथ ही एनडीआरएफ की टीम, तीन वाटर टेंडर और एक इंसिडेंट रिस्पांस टीम (आयआरटी) बचाव कार्य में लगाया गया है। मलबे से निकाले जा रहे लोगों को एम्स में प्राथमिकता के आधार पर उपचार चल रहा है। एम्स से मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में घायल लोगों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो लोगों की हालत गंभीर है, एक को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
पोर्टाकेबिन स्ट्रक्चर पर कैंटीन चलाई जा रही थी, उस पर मलबा गिरा, उसके नीचे कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है। ग्रीन कारिडोर बनाकर एंबुलेंस से घायलों को रेस्क्यू किया जा रहा, अस्पताल ले जाया जा रहा । 12 लोगों को अब तक निकाला गया है। एक-दो और लोगों के फंसे होने की आशंका है, जिनकी खोजबीन की जा रही है। -अनंत मित्तल, पुलिस उपायुक्त, दक्षिणी जिला
