दिल्ली में अस्पताल के कचरे से बढ़ रहा प्रदूषण, दोनों बायो-मेडिकल वेस्ट प्लांट जांच में फेल; एक पर लटकी तलवार
राजधानी दिल्ली में दो बायो-मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट पर्यावरण मानकों का उल्लंघन करते पाए गए हैं, जिसमें से एक प्लांट जुलाई की फॉलो-अप जांच में भी फेल हो गया।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
दिल्ली के दो बायो-मेडिकल वेस्ट प्लांट मानकों पर खरे नहीं उतरे।
एक प्लांट ने खामियां सुधारीं, दूसरा जुलाई में भी जांच में फेल।
DPCC ने नए प्लांटों के लिए टेंडर जारी किए, प्रदूषण कम करने हेतु।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी में अस्पतालों का संक्रमित कचरा जलाने वाले दोनों बायो-मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट पर्यावरण मानकों का उल्लंघन करते पाए गए हैं।
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) में दाखिल अपनी रिपोर्ट में दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) ने कहा कि एक प्लांट ने तो सारी खामियां सुधार लीं, लेकिन दूसरा जुलाई में हुई फॉलो-अप जांच में भी फेल हो गया।
बायो-मेडिकल वेस्ट ऑपरेटरों द्वारा पर्यावरण नियमों का पालन न करने के खिलाफ दायर आवेदन पर दाखिल रिपोर्ट में डीपीसीसी ने बताया कि 25 मार्च को जीटी करनाल रोड और निलोठी स्थित दोनों प्लांट का औचक निरीक्षण किया गया था।
जांच में कई गड़बड़ियां मिलीं। इसके बाद 10 अप्रैल को दोनों ऑपरेटरों को कारण बताओ नोटिस जारी कर पर्यावरण क्षतिपूर्ति लगाई गई।
जुलाई में हुई दोबारा जांच में अलग नतीजे आए
रिपोर्ट में कहा गया कि 27 जुलाई को हुई दोबारा जांच में अलग-अलग तस्वीर सामने आई। रिपोर्ट में कहा गया कि करनाल रोड स्थित बायोटिक वेस्ट सोल्यूशन प्लांट करीब 4,500 हेल्थकेयर सुविधाओं का कचरा संभालता है, जिसकी क्षमता 34 टन प्रतिदिन है। जांच में पाया गया कि इसने 11 पैरामीटरों में मिली सभी कमियों को सुधार लिया है।
वहीं, निलोठी स्थित दिल्ली का सबसे बड़ा प्लांट एसएमएस वेस्ट ग्रेस जो 7 राजस्व जिलों की 6,391 हेल्थकेयर यूनिट्स को सेवा देता है और इसकी क्षमता 28.8 टन प्रतिदिन है। इसकी स्थिति चिंताजनक मिली। पहले बताई गई 12 खामियों में से तीन अब भी जस की तस थीं।
डीपीसीसी को निलोठी प्लांट में मिली थीं ये खामियां
डीपीसीसी की टीम ने पाया कि प्लांट की चिमनी से घना काला धुआं निकल रहा था, मिस्ट एलिमिनेटर और गैस-कूलिंग सिस्टम में लीकेज था और अनलोडिंग एरिया में अलग-अलग तरह के कचरे के बैग एक साथ मिले हुए पड़े थे। इटीपी के आउटलेट से निकल रहा ट्रीटेड पानी भी पारदर्शी होने की बजाय ग्रे रंग का था और इनलेट फ्लो मीटर भी गायब मिला।
इसके बाद डीपीसीसी ने 14 सितंबर को एसएमएस वेस्ट ग्रेस को बंद करने का नया कारण बताओ नोटिस जारी किया। कंपनी ने जवाब में काले धुएं को कचरा हटाने की सामान्य प्रक्रिया बताया और कचरा मिक्स होने का ठीकरा अस्पतालों में गलत सेग्रिगेशन पर फोड़ा। कंपनी का दावा है कि उसका उत्सर्जन मानकों के भीतर है।
डीपीसीसी ने एनजीटी को यह भी बताया कि दोनों प्लांटों के ऑनलाइन एमिशन मॉनिटरिंग सिस्टम में तापमान और कार्बन डाइऑक्साइड के अलर्ट भी मिले थे, जिस पर 19 अक्टूबर को दोनों को सुधार के निर्देश दिए गए।
दो नए प्लांट के लिए जारी किए गए टेंडर
बढ़ते कचरे को देखते हुए डीपीसीसी ने 7 अक्टूबर को 2031 तक की जरूरतों को पूरा करने के लिए दो नए कामन बायो-मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट लगाने का टेंडर भी जारी किया है। एक प्लांट पूर्वी, उत्तर-पूर्वी, पुरानी और मध्य दिल्ली को कवर करेगा, जबकि दूसरा पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिमी और बाहरी-उत्तरी दिल्ली को। इससे अप्रैल 2020 से एक्सटेंडेड लीज पर चल रहे निलोठी प्लांट पर बोझ भी कम होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।