‘दो महापुरुष, एक संकल्प’ कार्यक्रम का हुआ आयोजन, दिल्ली सीएम व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दी श्रद्धांजलि
देहदानी श्री मांगेराम गर्ग सेवा समिति ने 'दो महापुरुष, एक संकल्प' कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने मांगेराम गर्ग और अशोक सिंघल को श्रद्धांजलि दी।
-1795429821079_m.webp)
नई दिल्ली में आयोजित 'दो महापुरुष, एक संकल्प' कार्यक्रम में सीएम रेखा गुप्ता ने शिरकत की।
HighLights
देहदानी समिति ने 'दो महापुरुष, एक संकल्प' कार्यक्रम आयोजित किया।
मांगेराम गर्ग की 90वीं जयंती, अशोक सिंघल का शताब्दी वर्ष।
दिल्ली सीएम, भाजपा अध्यक्ष ने महान विभूतियों को श्रद्धांजलि दी।
डिजिटल टीम, नई दिल्ली: देहदानी श्री मांगेराम गर्ग सेवा समिति द्वारा आयोजित ‘दो महापुरुष, एक संकल्प’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने शिरकत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने दो महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह विशेष आयोजन दिल्ली भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मांगेराम गर्ग की 90वीं जयंती तथा श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख स्तंभों में से एक अशोक सिंघल के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में किया गया।
संगठन और सांस्कृतिक जागरण को दी नई दिशा
कार्यक्रम में दोनों महापुरुषों के योगदान को स्मरण किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि मांगेराम गर्ग ने जनसंघ के समय से ही संगठन को सशक्त बनाने और समाजसेवा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। वहीं, अशोक सिंघल ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के माध्यम से करोड़ों रामभक्तों को एकजुट कर देश में सांस्कृतिक जागरण को एक नई दिशा प्रदान की।
जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही दिल्ली
वक्ताओं ने कहा कि दोनों महान विभूतियों का जीवन सेवा, त्याग, संगठन शक्ति और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का एक प्रेरणादायी उदाहरण है। आज दिल्ली इन्हीं महान आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनसेवा के दृढ़ संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है।
प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों की रही उपस्थिति
इस श्रद्धांजलि सभा में सांसद योगेंद्र चंदोलिया, सांसद कमलजीत सहरावत, भाजपा दिल्ली प्रदेश कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग और विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।