दक्षिणी दिल्ली के मसूदपुर फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, महिला की मौत
दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज स्थित मसूदपुर फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में 36 ...और पढ़ें

दक्षिणी दिल्ली के मसूदपुर में भीषण सड़क हादसा। (एआई से निर्मित ग्राफिक्स)
HighLights
तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, एक की मौत।
वसंत कुंज के मसूदपुर फ्लाईओवर पर हुआ हादसा।
महिला सोनिया पाल की मौत, चालक पीयूष घायल।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। वसंत कुंज इलाके में मसूदपुर फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान बदरपुर के मिठापुर निवासिनी 36 वर्षीय सोनिया पाल के रूप में हुई है। जबकि घायल 24 वर्षीय पीयूष नाथ राजस्थान के कोटा का रहने वाला है।
बाइक क्षतिग्रस्त हालत में सड़क किनारे पड़ी मिली
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना शनिवार तड़के करीब 3 बजे की है। पीसीआर पर महिपालपुर से छतरपुर जाने वाले मसूदपुर फ्लाईओवर पर हादसा होने की सूचना मिली। घटनास्थल पर बजाज पल्सर बाइक क्षतिग्रस्त हालत में सड़क किनारे पड़ी मिली।
आसपास काफी दूरी तक बाइक के टूटे हुए हिस्से और खून के निशान फैले हुए थे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि राहगीर अमान ने दोनों घायलों को भारतीय स्पाइनल इंजरी सेंटर, वसंत कुंज में भर्ती किया है। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि चिकित्सकों ने सोनिया पाल को मृत घोषित कर दिया।
बाइक चला रहे पीयूष का इलाज जारी
वहीं, बाइक चला रहे पीयूष का इलाज जारी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाइक सवार हेलमेट पहने हुए था और बाइक कथित तौर पर फ्लाईओवर के डिवाइडर से टकराई थी। वसंत कुंज साउथ थाना पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर बीएनएस की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत एफआइआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
