विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

19 दिन बाद फिर बिगड़ी दिल्ली की हवा, AQI 'खराब' श्रेणी में पहुंचा; ग्रेप लागू करने की नौबत नहीं

Published: Sun, 12 Jul 2026 08:35 PM (IST)

19 दिन बाद दिल्ली की हवा फिर 'खराब' श्रेणी में पहुंच गई है, रविवार को एक्यूआई 261 दर्ज किया गया। ...और पढ़ें

19 दिन बाद राजधानी की हवा एक बार फिर बिगड़ गई।

19 दिन बाद राजधानी की हवा एक बार फिर बिगड़ गई।

HighLights

  1. दिल्ली का एक्यूआई 261 दर्ज, 'खराब' श्रेणी में।

  2. अफगानिस्तान से आई धूल भरी आंधी मुख्य कारण।

  3. वायु गुणवत्ता में जल्द सुधार की संभावना, ग्रेप नहीं।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। 19 दिन बाद राजधानी की हवा एक बार फिर बिगड़ गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार रविवार को दिल्ली का एक्यूआई 261 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। हालांकि अभी ग्रेप लागू नहीं किया जाएगा। इससे पूर्व 22 जून को एक्यूआई 221 यानी ''खराब'' श्रेणी में दर्ज किया था।

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की ग्रेप उप समिति ने रविवार शाम चार बजे बैठक कर दिल्ली और एनसीआर की मौजूदा हवा और मौसम पूर्वानुमान की समीक्षा की। मौसम विभाग और आइआइटीएम पुणे से मिली जानकारी के आधार पर समिति ने स्थिति का आकलन किया।

हवा खराब होने की मुख्य वजह दूर-दराज के क्षेत्रों से आई धूल

सामने आया कि हवा खराब होने की मुख्य वजह दूर-दराज के क्षेत्रों से आई धूल है। अफगानिस्तान, ईरान और पाकिस्तान के पास बना धूल भरा तूफान उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ा, जिसका असर दिल्ली तक पहुंचा। इससे वातावरण में बड़े आकार के धूल कणों की मात्रा बढ़ गई।

सीएक्यूएम ने कहा कि अगले कुछ समय तक हवा ''खराब'' श्रेणी में ही रह सकती है, लेकिन धूल का यह असर कम होने पर आने वाले एक-दो दिनों में वायु गुणवत्ता में सुधार होने की संभावना है। इसी कारण उप समिति ने फिलहाल ग्रेप का पहला चरण लागू नहीं करने का फैसला किया है।

जमीन पर धूल रोकने के उपाय तेज करने के निर्देश भी दे दिए गए

हालांकि दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति और समीप वर्ती राज्यों के प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों को जमीन पर धूल रोकने के उपाय तेज करने के निर्देश भी दे दिए गए हैं। सीएक्यूएम ने कहा कि वह दिल्ली एवं एनसीआर की वायु गुणवत्ता पर लगातार नजर रखेगा और जरूरत पड़ने पर स्थिति की दोबारा समीक्षा कर आगे का फैसला लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- एक टनल-एक हाईवे, जो बदल देगा UP-NCR का पूरा नक्शा; 14 हजार करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट बनेगा गेमचेंजर