विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चोर ने ससुराल जाकर जमीन और भूसे में गाड़े थे सोने-हीरे के 115 जेवर, दिल्ली में 5 करोड़ की चोरी का पर्दाफाश

Published: Mon, 14 Sep 2026 10:41 PM (IST)

दिल्ली के तिमारपुर में हुई 5 करोड़ की चोरी का पर्दाफाश हुआ है, जिसमें पुलिस ने घरेलू सहायक के ससुराल ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस जमीन के अंदर दबाकर रखे गए सोने-हीरे के 115 आभूषण और भूसा घर में छिपाकर रखे गए 4.37 लाख नकद बरामद किए। एआई इमेज

दिल्ली पुलिस जमीन के अंदर दबाकर रखे गए सोने-हीरे के 115 आभूषण और भूसा घर में छिपाकर रखे गए 4.37 लाख नकद बरामद किए। एआई इमेज

HighLights

  1. दिल्ली के तिमारपुर में 5 करोड़ की चोरी का पर्दाफाश।

  2. घरेलू सहायक के ससुराल से 115 सोने-हीरे के जेवर बरामद।

  3. जमीन में दबे आभूषण, भूसे में छिपा नकद बरामद।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। तिमारपुर इलाके में कारोबारी बंधुओं के घर हुई सनसनीखेज चोरी के मामले में उत्तरी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ की टीम ने बिहार के सुपौल में बड़ी कार्रवाई की है।

पुलिस टीम ने चोरी के मास्टरमाइंड घरेलू सहायक अनिल कामत के ससुराल में छापेमारी कर जमीन के अंदर दबाकर रखे गए सोने-हीरे के 115 आभूषण और भूसा घर में छिपाकर रखे गए 4.37 लाख नकद बरामद किए हैं।

पुलिस की दबिश की भनक लगते ही मुख्य आरोपित मौके से फरार हो गया, जबकि उसके ससुर और वारदात में शामिल उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बरामद आभूषणों का मूल्य और अन्य विवरण फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया गया है।

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

जानकारी के मुताबिक, तिमारपुर इलाके में रहने वाले कारोबारी भाई अनिल कुमार गुप्ता और अनुज कुमार गुप्ता के घर पांच सितंबर को चोरी हुई थी। चोर घर से करीब पांच करोड़ की कीमत के आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। क्राइम टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट और दूसरे वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

ससुराल की घेराबंदी कर छापेमारी की

जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को शक घर में काम करने वाले घरेलू सहायक अनिल कामत पर गया। तकनीकी जांच और मुखबिरों से मिली जानकारी से पुलिस ने उसकी गतिविधियों का पता लगाना शुरू किया। जांच में सामने आया कि अनिल ने अपने साथी विवेक के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। वारदात के बाद दोनों फरार हो गए थे।

पुलिस ने पहले विवेक को दिल्ली से दबोच लिया। उससे पूछताछ के बाद पुलिस को अनिल कामत के ठिकाने से जुड़े अहम साक्ष्य मिले। इसके बाद एक पुलिस टीम बिहार के सुपौल जिले के प्रतापगंज थाना इलाके के सुखानगर पंचायत पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से टीम ने अनिल के ससुराल की घेराबंदी कर छापेमारी की।

ऐसे छिपाया था करोड़ों का माल

पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही अनिल कामत मौके से भाग निकला। हालांकि टीम ने घर की बारीकी से तलाशी शुरू कर दी। तलाशी के दौरान पुलिस को भूसा रखने वाले कमरे में एक जगह छिपाकर रखे गए 4.37 लाख बरामद हुए।

इसके बाद पुलिस ने घर में मौजूद महिलाओं से पूछताछ की। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि चोरी के आभूषण घर में ही जमीन के अंदर दबाकर रखे गए हैं। इसके बाद पुलिस ने बताए गए स्थान पर खोदाई शुरू कराई। कुछ देर की मशक्कत के बाद जमीन के अंदर से एक बैग बरामद हुआ।

कुल 115 आभूषण रखे मिले

बैग खोलते ही पुलिस टीम के होश उड़ गए। उसमें सोने और हीरे के कुल 115 आभूषण रखे हुए थे। आरोपित को उम्मीद थी कि जमीन के अंदर दबे आभूषण और भूसा घर में छिपाए गए कैश तक पुलिस आसानी से नहीं पहुंच पाएगी।

पुलिस ने कार्रवाई कर अनिल के ससुर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस इनसे पूछताछ कर फरार चल रहे मुख्य आरोपित की तलाश में दिल्ली और बिहार में छापेमारी कर रही है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के तिमारपुर में 5 करोड़ की चोरी, ऑस्ट्रेलिया गया था कपड़ा कारोबारी; घरेलू सहायकों ने साफ किया घर