विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के तिमारपुर में 5 करोड़ की चोरी, ऑस्ट्रेलिया गया था कपड़ा कारोबारी; घरेलू सहायकों ने साफ किया घर

Published: Wed, 09 Sep 2026 02:01 PM (IST)

उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर स्थित रिवेरा अपार्टमेंट में कपड़ा कारोबारी अनुज गुप्ता के घर से करीब पांच करोड़ रुपये नकद ...और पढ़ें

दिल्ली के तिमारपुर में  पांच करोड़ की चोरी। फोटो: एआई जनरेटेड

दिल्ली के तिमारपुर में पांच करोड़ की चोरी। फोटो: एआई जनरेटेड

HighLights

  1. कपड़ा कारोबारी अनुज गुप्ता के घर पांच करोड़ की चोरी हुई

  2. दो घरेलू सहायक वारदात के बाद से फरार, पुलिस को शक

  3. चोरी में नकद, सोने और हीरे के आभूषण शामिल थे

मोहम्मद साकिब, नई दिल्ली। उत्तरी जिले के तिमारपुर स्थित रिवेरा अपार्टमेंट में कपड़ा कारोबारी अनुज गुप्ता के घर करीब पांच करोड़ रुपये की नकदी और आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। वारदात के समय कारोबारी काम के सिलसिले में आस्ट्रेलिया गए हुए थे। घर में उनकी मां, पत्नी और बच्चे मौजूद थे, जबकि दो घरेलू सहायक भी घर पर थे और घटना के बाद से दोनों फरार हैं।

खरीदारी से लौटे तो टूटी मिली अलमारी

पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है। अनुज गुप्ता की पत्नी और मां खरीदारी के लिए घर से बाहर गई थीं। उस समय दोनों घरेलू सहायक घर पर मौजूद थे। कुछ समय बाद जब वे वापस लौटीं तो घर का सामान बिखरा मिला और जांच करने पर अलमारी टूटी हुई थी।

अलमारी से बड़ी मात्रा में नकदी और आभूषण गायब मिले। इसके बाद तिमारपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और फोरेंसिक टीम की मदद से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

दोनों सहायकों के फरार होने से शक

वारदात के बाद दोनों घरेलू सहायक फरार हैं। पुलिस शुरुआती जांच में इन्हीं दोनों को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि दोनों कब और किस रास्ते से घर से निकले।

पुलिस उनके पुराने पते, मोबाइल नंबर, संपर्कों और संभावित ठिकानों की जानकारी भी जुटा रही है।

घर की गतिविधियों से परिचित था आरोपी

जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अलमारी में इतनी बड़ी रकम और आभूषण रखे होने की जानकारी किन लोगों को थी। पुलिस को आशंका है कि वारदात अचानक नहीं हुई, बल्कि घर की गतिविधियों और कारोबारी की गैरमौजूदगी की जानकारी रखने वाले व्यक्ति ने मौका देखकर चोरी की हो सकती है।

स्वजन ने शुरुआती तौर पर चोरी गए सामान की कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई है। इसमें नकदी के साथ बड़ी मात्रा में सोने और हीरे के आभूषण शामिल हैं। हालांकि पुलिस ने अभी चोरी हुए माल की अंतिम कीमत की पुष्टि नहीं की है।

आस्ट्रेलिया से लौटते ही मिली जानकारी

अनुज गुप्ता कुछ दिनों से कारोबारी काम के सिलसिले में आस्ट्रेलिया में थे और मंगलवार सुबह दिल्ली लौटे। घर पहुंचने के बाद उन्हें चोरी की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी।

उत्तरी जिला उपायुक्त के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपितों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के दरियागंज में गनप्वॉइंट पर 1 करोड़ की लूट, ऑटो रोककर नकदी से भरा बैग ले उड़े बदमाश