विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रांसपोर्ट कर्मचारी से 23 लाख की लूट: दिल्ली पुलिस ने तीन आरोपितों को दबोचा, 15 लाख बरामद

Published: Sun, 22 Mar 2026 11:16 PM (IST)

उत्तरी दिल्ली की सराय रोहिल्ला पुलिस ने ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मचारी से हुई 23 लाख रुपये की लूट के मामले ...और पढ़ें

पुलिस टीम ने ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मचारी से हुई 23 लाख रुपये की लूट के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।

पुलिस टीम ने ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मचारी से हुई 23 लाख रुपये की लूट के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।

HighLights

  1. ट्रांसपोर्ट कर्मचारी से 23 लाख रुपये की लूट हुई थी।

  2. दिल्ली पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।

  3. आरोपितों से 15.95 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली की सराय रोहिल्ला थाना पुलिस टीम ने ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मचारी से हुई 23 लाख रुपये की लूट के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोनू, संदीप और सागर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक पिस्टल और एक कारतूस, 15.95 लाख रुपये नकद समेत अन्य सामान बरामद किया है।

उत्तरी जिले के उपायुक्त राजा बांठिया के मुताबिक, 25 फरवरी को शिकायतकर्ता कुलदीप शर्मा ने सराय रोहिल्ला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह किशनगंज, दिल्ली स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करते हैं। उनके मालिक ने उन्हें लारेंस रोड, केशव पुरम, दिल्ली में स्थित एक पार्टी से 23 लाख रुपये नकद लाने का काम सौंपा था।

नकद राशि लेने के बाद, वह बाइक से किशनगंज स्थित अपने कार्यालय लौट रहे थे। शाम के समय जब वह शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचे, तो बाइक पर सवार दो लड़कों ने उन्हें रोका और बंदूक की नोक पर 23 लाख रुपये नकद वाला बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए।

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और थाना प्रभारी विकास राणा की देखरेख में गठित टीम ने शिकायत के बाद घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बदमाशों ने पीड़ित का पीछा उसी जगह से शुरू किया था, जहां से उसने नकदी ली थी। इससे साफ हो गया कि बदमाशों को पहले से नकदी की जानकारी थी।

जांच के दौरान पुलिस को एक व्यक्ति की पहचान की जो राजस्थान का रहने वाला है और फिलहाल फरार है। उसके मोबाइल नंबर और काल डिटेल रिकार्ड के आधार पर पुलिस मोनू तक पहुंची। पुलिस ने मोनू को दिल्ली के भलस्वा डेरी इलाके से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक पिस्टल, एक कारतूस और 3.95 लाख रुपये नकद बरामद किए।

फरार आरोपित ने लूट की योजना बनाई

पूछताछ में मोनू ने बताया कि उसने और फरार आरोपित ने लूट की योजना बनाई थी, जबकि वारदात को अंजाम देने का काम संदीप और सागर को सौंपा गया था। इसके बाद पुलिस ने संदीप को मंगोलपुरी इलाके से गिरफ्तार किया और उसके पास से पांच लाख रुपये बरामद किए।

संदीप की निशानदेही पर सागर को भी गिरफ्तार कर उससे सात लाख रुपये बरामद किए गए। मोनू पहले भी हत्या, डकैती और लूट जैसे कई गंभीर मामलों में शामिल रहा है और बीते वर्ष ही जेल से छूटने के बाद फिर से अपराध में सक्रिय हो गया था।

यह भी पढ़ें- देहरादून: चकराता में दिल्ली के पर्यटकों की बाइक चट्टान से टकराई, दो लोग हुए घायल