विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पापा कहो नहीं तो... दिल्ली में मामूली विवाद बना जानलेवा, 18 साल के युवक की चाकू घोंपकर हत्या

Published: Sun, 20 Sep 2026 07:53 PM (IST)

पश्चिमी दिल्ली के नारायणा गांव में मामूली कहासुनी के बाद 18 वर्षीय सुमित गिरि की चाकू घोंपकर हत्या कर दी ...और पढ़ें

युवक की चाकू घोंपकर हत्या। सांकेतिक तस्वीर

युवक की चाकू घोंपकर हत्या। सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. पश्चिमी दिल्ली के नारायणा गांव में हुई घटना।

  2. मामूली कहासुनी के बाद 18 वर्षीय सुमित की हत्या।

  3. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। नारायणा गांव इलाके में शनिवार रात मामूली कहासुनी के बाद एक 18 वर्षीय युवक की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। जिस युवक की हत्या हुई है, उनका नाम सुमित है। ये नारायणा गांव रहते थे।

इस वारदात में बीच-बचाव कराने आया एक अन्य युवक भी मामूली रूप से घायल हो गया। नारायणा थाना पुलिस ने चश्मदीद के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी के अनुसार, घटना की सूचना शनिवार रात करीब 9:30 बजे डीडीयू अस्पताल से प्राप्त हुई, जहां एक युवक को अचेत अवस्था में लाया गया था, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर दीपक शर्मा पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और शुरुआती जांच शुरू की।

मामूली विवाद के बाद कर दिया चाकू से वार

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित अमन और इसका दोस्त नरसिंह एक ही मोटरसाइकिल से पायल सिनेमा की ओर गए थे। वहां से नारायणा गांव लौटते समय रास्ते में उन्हें उनके जान-पहचान वाले सुमित गिरि और अमन(पुत्र अनिल सिंह) मिल गए।

बातचीत के दौरान अमन (पुत्र अनिल सिंह) ने मजाक में नरसिंह से खुद को पापा कहने को कहा। इस बात पर मोटरसाइकिल सवार आरोपित अमन भड़क गया और उसने चाकू निकालकर उसे धमकाना शुरू कर दिया।

सुमित गिरि ने इस धमकी का विरोध किया, जिसके बाद सुमित और आरोपित अमन के बीच तीखी बहस हो गई। इसी दौरान उनका एक साझा दोस्त सरगम भी मौके पर पहुंच गया और उसने झगड़ा शांत कराने का प्रयास किया।

कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपित अमन ने चाकू से सुमित गिरि पर हमला कर दिया और उसे कई जगह घोंप दिया। बीच-बचाव के दौरान सरगम को भी हल्की चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित अमन ने अपने छोटे भाई को मौके पर बुलाया।

भाई ने भी लहूलुहान अवस्था में लातों से मारा

आरोप है कि मौके पर पहुंचे उसके भाई ने भी लहूलुहान अवस्था में पड़े सुमित को लातों से मारा और मारपीट की। घटना के तुरंत बाद चश्मदीद अमन (पुत्र अनिल सिंह) ने सुमित के परिजनों को सूचना दी।

मौके पर पहुंचे परिजनों की मदद से सुमित को आनन-फानन में डीडीयू अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मुख्य चश्मदीद अमन के बयान पर नारायणा थाने में हत्या की धारा के तहत प्राथमिकी की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात में शामिल सभी लोग नारायणा गांव के ही निवासी हैं और एक-दूसरे को अच्छी तरह से जानते हैं।

पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ी से कड़ी जोड़ रही है और आरोपितों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है।

यह भी पढ़ें- तेलंगाना:बहन की हत्या का भाई ने लिया बदला, जीजा को चाकू घोंपकर मार डाला

यह भी पढ़ें- Delhi Crime News: दिल्ली के मयूर विहार में युवक की चाकू घोंपकर हत्या, बीच-बचाव करने आए सिक्योरिटी गार्ड पर भी हमला