दिल्ली: फेयरवेल से घर लौट रहे 10वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या, सिर में फंसा रहा हथियार; सड़क पर बिखरा खून देख सहमे
मंगोलपुरी में 10वीं के छात्र सुधांशु की स्कूल फेयरवेल पार्टी के बाद चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने ...और पढ़ें

मंगोलपुरी थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर स्कूल से फेयरवेल पार्टी के बाद घर लौट रहे 10वीं के छात्र सुधांशु (इनसेट) के सिर में चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
HighLights
10वीं के छात्र सुधांशु की चाकू मारकर हत्या।
स्कूल फेयरवेल पार्टी के बाद हुआ हमला।
मंगोलपुरी में 40 दिनों में पांचवीं घटना।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। मंगोलपुरी थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर स्कूल से फेयरवेल पार्टी के बाद घर लौट रहे 10वीं के छात्र के सिर में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। चाकू छात्र के सिर में ही फंसा रह गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। आस-पास मौजूद लोगों ने घायल छात्र को तुरंत ई-रिक्शा से मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या की आशंका जताई जा रही
सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित का पता लगा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों का पता लगा रही है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
स्कूल में था फेयरवेल कार्यक्रम
जानकारी के मुताबिक, सुधांशु अपने पिता शिव कुमार, मां और बड़ा भाई शिवांशु के साथ मंगोलपुरी के एस ब्लाक में रहता था। जो मंगोलपुरी स्थित के ब्लाॅक सर्वोदय बाल विद्यालय में दसवीं कक्षा में पढ़ाई करता था। मृतक सुधांशु के पिता शिव कुमार ने बताया कि सोमवार को स्कूल में फेयरवेल का कार्यक्रम था। सुबह 11 बजे उनका बेटा घर से स्कूल निकला था।
सिर से अधिक खून बहता देख लोग ले गए अस्पताल
स्कूल से वह करीब एक बजे पैदल ही घर आ रहा था, तभी ओ ब्लाॅक स्थित स्कूल के बाहर पहुंचते ही पहले से घात लगाए छुपे बदमाश ने चाकू से उसके कनपटी के ऊपर सिर पर हमला कर दिया। चाकू उसके सिर में फंस गया। काफी संख्या में छात्र व आसपास के लोग जमा हो गए। सिर से अधिक खून बहता देख कुछ लोगों ने उसे लहूलुहान हालत में उठाकर संजय गांधी अस्पताल लेकर आए। जहां से पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
दोस्तों से भी पुलिस पूछताछ कर रही
अस्पताल पहुंची पुलिस को पता चला कि छात्र को मृत घोषित कर दिया गया है। पुलिस ने उसे शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मौके पर क्राइम और फोरेंसिक टीम को बुलाया। जिसने घटनास्थल से कई साक्ष्य हासिल किए। छानबीन के दौरान पता चला कि सुधांशु इस साल दसवीं की परीक्षा देने वाला था। पुलिस पीड़ित परिवार से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है। वहीं, मृतक के अन्य दोस्तों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
40 दिन में पांच वारदात
मंगोलपुरी क्षएत्र में बीते 40 दिन में चाकू मारने की पांच वारदात हुई हैं, जिसमें चाकू लगने से चार लोगों की मौत हो गई। इन वारदातों में एक नाबालिग समेत तीन लोगों की जान गई है, जिससे कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में पुलिस गश्त और बढ़ाने और स्कूल की छुट्टियों के समय स्कूल के आसपास पुलिस बल तैनात करने की मांग की है।
क्रोनाेलॉजी : इस साल हुई हत्याएं
- 1 जनवरी 2026 आदर्श नगर थाना क्षेत्र में गली में गाली बोलने पर मना करने पर 50 वर्षीय शख्स की चाकू गोदकर हत्या
- 2 जनवरी 2026 नरेला थाना क्षेत्र स्थित घोघा गांव में घर से शख्स को बुलाकर गोली मारकर कर दी हत्या, फिर दो आरोपितों ने थाने में जाकर कर दिया आत्मसमर्पण
- 4 जनवरी 2026 अमन विहार में रेहड़ी के आगे से बाइक हटाने को लेकर हुए विवाद में अंडा विक्रेता को गोदा चाकू
- 9 जनवरी 2026 नरेला औद्योगिक क्षेत्र में एक सुरक्षाकर्मी ने महिला के सिर में ईंट मारकर की हत्या
- 10 जनवरी 2026 शालीमार बाग थाना क्षेत्र में रचना यादव महिला के सिर में गोली मारकर हत्या
- 14 जनवरी 2026 बवाना जेजे कालोनी में घर से बाहर घूमने गए युवक की चाकू गोदकर हत्या
- 15 जनवरी 2026 रोहिणी स्थित जापानी पार्क में युवक की चाकू गोदकर हत्या
- 21 जनवरी 2026 मंगोलपुरी में पांच बदमाशों ने एक युवक की दर्जन से अधिक बार चाकू मारकर की हत्या
- 21 जनवरी 2026 समयपुर बादली इलाके में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या
यह भी पढ़ें- साइकोट्रापिक ड्रग कार्टेल पर दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पटना में नकली कफ सिरप फैक्ट्री की पूरे NCR में थी सप्लाई
