'गाड़ी कहां खड़ी करें?' दिल्ली में खत्म होगी यह टेंशन, इन 5 इलाकों में मल्टीलेवल पार्किंग को DDA की हरी झंडी
दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) राजधानी के पांच व्यस्त इलाकों में बहुस्तरीय कार पार्किंग बनाएगा। यह योजना सड़कों से अतिक्रमण हटाकर ट्रैफिक प्रबंधन को सुधारेगी और तीन साल में पूरी होगी।

दिल्ली के पांच इलाकों में डीडीए बनाएगा मल्टीलेवर पार्किंग। फोटो: आर्काइव
HighLights
दिल्ली के पांच व्यस्त इलाकों में बहुस्तरीय पार्किंग का निर्माण
कुल 1,261 समतुल्य कार पार्किंग स्थान होंगे उपलब्ध
ट्रैफिक प्रबंधन सुधरेगा, सड़कों से अतिक्रमण हटाने में मदद
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने राजधानी की बढ़ती आबादी और वाहनों के दबाव को देखते हुए बड़ी योजना तैयार की है।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य शहर के पांच सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बहुस्तरीय कार पार्किंग की सुविधा प्रदान करना है। यह कदम न केवल सड़कों से अतिक्रमण हटाएगा, बल्कि दिल्ली के ट्रैफिक प्रबंधन को भी एक नई दिशा देगा।
यह पूरी परियोजना लगभग 11,048 वर्ग मीटर के कुल क्षेत्रफल में फैली होगी। इन पांचों स्थानों को मिलाकर कुल 1,261 ''समतुल्य कार पार्किंग'' स्थान तैयार किए जाएंगे।
पार्किंग के साथ ही शॉप्स और ऑफिस भी होंगे
डीडीए ने स्पष्ट किया है कि इन परियोजनाओं को आर्थिक रूप से व्यवहार्य बनाने के लिए इनके कुछ हिस्सों का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी किया जाएगा। इसका मतलब है कि पार्किंग के साथ-साथ वहां दुकानें या कार्यालय भी हो सकते हैं, जिससे लोगों को एक ही स्थान पर कई सुविधाएं मिलेंगी।
अधिकारियों का अनुमान है कि ये सभी प्रोजेक्ट अगले तीन वर्षों के भीतर पूरे कर लिए जाएंगे। कड़कड़डूमा और द्वारका जैसे इलाकों में ये सुविधाएं वहां के बुनियादी ढांचे को पूरी तरह बदल देंगी। सड़कों के किनारे अवैध रूप से खड़ी होने वाली गाड़ियों में कमी आएगी, जिससे पैदल चलने वालों और वाहन चालकों, दोनों को सुविधा होगी।
इन प्रमुख स्थानों पर बनेगी पार्किंग
डीडीए ने इस परियोजना के लिए दिल्ली के पांच स्थानों का चयन किया है:-
- ओखला औद्योगिक क्षेत्र (फेज-1): यहां 362 कारों की क्षमता वाली पार्किंग बनेगी।
- सैनी एन्क्लेव : यहां 285 कारों के खड़े होने की व्यवस्था होगी।
- कड़कड़डूमा : यहां 248 कारों के लिए स्थान सुरक्षित किया गया है।
- दिलशाद गार्डन : यहां 232 गाड़ियों की क्षमता वाली सुविधा मिलेगी।
- द्वारका : यहां 134 कारों के लिए आधुनिक पार्किंग बनाई जाएगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली एयरपोर्ट एक करोड़ और विदेशी यात्रियों के लिए तैयार, सेल्फ-बैगेज ड्रॉप समेत मिलेंगी कई स्मार्ट सेवाएं
