विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में सिर्फ 14.95 लाख में फ्लैट, LIG फ्लैट्स पर DDA दे रहा 25% छूट; जानें कब से शुरू होगी बुकिंग

Published: Mon, 19 Oct 2026 08:36 PM (IST)

दिल्ली विकास प्राधिकरण नरेला में 2516 एलआइजी फ्लैटों पर 25% छूट दे रहा है, जिनकी शुरुआती कीमत 14.95 लाख रुपये ...और पढ़ें

नरेला में बने डीडीए के फ्लैट। सौजन्य : डीडीए

नरेला में बने डीडीए के फ्लैट। सौजन्य : डीडीए

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। नरेला में बने हजारों फ्लैटों को खरीदार दिलाने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने एक बार फिर कीमतों में छूट का सहारा लिया है।

DDA आवास निवेश योजना-2026 के तहत नरेला में निम्न आय वर्ग (LIG) के 2516 फ्लैट 25 प्रतिशत छूट के साथ उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इनकी शुरुआती कीमत करीब 14.95 लाख रुपये रखी गई है। योजना के जरिए DDA का प्रयास नरेला के आवासीय क्षेत्र में उपलब्ध फ्लैटों की बिक्री बढ़ाना है।

योजना के लिए बुकिंग मंगलवार दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। फ्लैट पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध होंगे।

दो पाकेट में हैं फ्लैट

DDA के अनुसार, ये फ्लैट नरेला के सेक्टर जी-2 से जी-6 के पाकेट-3 और पाकेट-6 में स्थित हैं। इनमें पाकेट-3 के 1020 और पाकेट-6 के 1496 फ्लैट शामिल हैं।

प्रत्येक फ्लैट का क्षेत्रफल करीब 49.90 वर्गमीटर है, जिसमें साझा क्षेत्र भी शामिल है।

पंजीकरण के लिए देने होंगे 2500 रुपये

योजना की विवरण पुस्तिका DDA की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक खरीदार DDA के आवास पोर्टल के माध्यम से बुकिंग कर सकते हैं। पहले से पंजीकृत आवेदकों को दोबारा पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं होगी।

नए पंजीकरण के लिए एकमुश्त 2500 रुपये शुल्क देना होगा, जो वापस नहीं किया जाएगा। फ्लैट बुक करते समय एक लाख रुपये जमा कराने होंगे।

अतिरिक्त शुल्क अलग से देना होगा

DDA के अनुसार, घोषित कीमत में रखरखाव शुल्क, पानी के कनेक्शन का शुल्क और जहां लागू हो, परिवर्तन शुल्क शामिल नहीं हैं। ये शुल्क आवंटन पत्र जारी करते समय अलग से लिए जाएंगे।

ऐसे में खरीदारों को फ्लैट की घोषित कीमत के अतिरिक्त इन खर्चों को भी ध्यान में रखना होगा।

यह भी पढ़ें- दशहरा पर दिल्ली पुलिस का कड़ा पहरा, लाल किला पर 2000 जवान तैनात; चप्पे-चप्पे पर CCTV से नजर