विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गार्ड्स, रोशनी और बाइक पेट्रोलिंग... आस्था कुंज पार्क में सुरक्षा का कड़ा पहरा, गैंगरेप की घटना के बाद जागा DDA

Published: Sun, 25 Oct 2026 12:03 PM (IST)

दक्षिणी दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद डीडीए ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी ...और पढ़ें

आस्था कुंज पार्क में लगी लाइटें व तैनात सुरक्षा गार्ड। जागरण

आस्था कुंज पार्क में लगी लाइटें व तैनात सुरक्षा गार्ड। जागरण

HighLights

  1. आस्था कुंज पार्क में गार्डों की संख्या बढ़ाई गई।

  2. पार्क में पर्याप्त रोशनी के इंतजाम किए गए हैं।

  3. पेट्रोलिंग के लिए सायरन लगी दो बाइक मिलीं।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली में आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने सुरक्षा को लेकर कई कदम उठाए हैं।

पार्क में पर्याप्त रोशनी के इंतजाम करने के साथ ही गार्डों की संख्या भी बढ़ाई गई है। वहीं, पेट्रोलिंग के लिए सायरन लगी दो बाइक भी उपलब्ध कराई गई हैं। बाइक में टार्च के साथ ही जरूरी सुरक्षा उपकरण दिए गए हैं।

वहीं, सुरक्षा इंतजामों और गार्डों की तैनाती की जांच के लिए साइट इंचार्ज, सुरक्षा सुपरवाइजर और विभागीय स्टाफ रात में औचक निरीक्षण कर रहा है।

डीडीए के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व दिल्ली में स्थित यह बड़ा पार्क तीन प्रमुख मंदिरों से घिरा हुआ है। पिछले माह यह तब चर्चा में आया जब पुलिसकर्मी बनकर आए कुछ लोगों ने एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

आस्था कुंज पार्क के 29 गेट

इस घटना के बाद पार्क की सुरक्षा में टूटी हुई बाउंड्रीवाल, बिना गार्ड वाले गेट और कम रोशनी वाली जगहों जैसी कमियां सामने आईं। कुल 142.41 एकड़ में फैले आस्था कुंज पार्क के 29 गेट हैं। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित पेट्रोलिंग की जा रही है। बेहतर रोशनी के लिए पार्क में पहले से मौजूद सभी 340 लाइटें चालू हैं।

105 नई लाइटें भी लगाई गईं

इसके अलावा, "सेफ्टी ऑडिट रिपोर्ट" की सिफारिशों के आधार पर 105 नई लाइटें भी लगाई गई हैं। डीडीए के मुताबिक संबंधित बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर एक संयुक्त निरीक्षण भी किया गया। कुछ चुनिंदा जगहों पर "हाई-मास्ट" लाइटें लगाने का प्रस्ताव भी प्रक्रिया में है। दिन में भी पार्क में नजर रखी जा रही है।

यह भी पढ़ें- महिला सुरक्षा के फाइलों में दावे पूरे और जमीन पर सब अधूरे, आस्था कुंज पार्क में 12 दिन बाद भी लाइट न पहुंचा सकी MCD