विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में झुग्गी पुनर्वास की दिशा में बड़ा कदम, डीडीए ने इंदिरा कल्याण विहार में शुरू किया सर्वे

Published: Wed, 16 Sep 2026 09:09 PM (IST)

दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने इंदिरा कल्याण विहार में झुग्गी पुनर्वास के लिए सर्वे शुरू किया है। इसका उद्देश्य पात्र ...और पढ़ें

दिल्ली में झुग्गी पुनर्वास की दिशा में डीडीए ने सर्वे शुरू किया। (एआई जेनरेटेड इमेज)

दिल्ली में झुग्गी पुनर्वास की दिशा में डीडीए ने सर्वे शुरू किया। (एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. डीडीए ने इंदिरा कल्याण विहार में झुग्गी पुनर्वास सर्वे शुरू किया।

  2. पात्र परिवारों की पहचान कर पुनर्वास योजना का लाभ मिलेगा।

  3. दिल्ली स्लम पुनर्वास नीति-2026 के तहत पात्रता जांची जाएगी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की झुग्गी बस्तियों के पुनर्वास की प्रक्रिया अब जमीन पर आगे बढ़ने लगी है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने इंदिरा कल्याण विहार से झुग्गीवासियों के सर्वे का काम शुरू किया है। ओखला औद्योगिक क्षेत्र फेज-1, साइट-2 स्थित इस जेजे क्लस्टर में डीडीए की इन-सीटू स्लम पुनर्वास शाखा की टीमें घर-घर जाकर निवासियों की संख्या और पुनर्वास के लिए उनकी पात्रता से जुड़े दस्तावेज जुटा रही हैं।

सर्वे का मकसद यह पता लगाना है कि क्लस्टर में कितने परिवार रह रहे हैं और इनमें से कौन पुनर्वास योजना के तहत पात्र है। डीडीए ने झुग्गीवासियों से सर्वे के दौरान मौजूद रहने और मांगी गई जानकारी व दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा है। अधिकारियों के अनुसार, इंदिरा कल्याण विहार के बाद राजधानी के अन्य जेजे क्लस्टरों में भी चरणबद्ध तरीके से सर्वे कराया जाएगा।

एक जनवरी 2025 की कटआफ तिथि तय की गई

इस सर्वे की अहमियत इसलिए भी है क्योंकि झुग्गी पुनर्वास के लिए तैयार की गई दिल्ली स्लम एवं जेजे क्लस्टर पुनर्वास एवं स्थानांतरण नीति-2026 में पात्रता के लिए एक जनवरी 2025 की कटआफ तिथि तय की गई है। यानी सर्वे में दस्तावेजों के आधार पर यह भी देखा जाएगा कि संबंधित परिवार तय पात्रता शर्तों को पूरा करता है या नहीं।

करीब चार लाख लोगों को लाभ पहुंचाने की योजना

बीते 16 जून को हुई समीक्षा बैठक में डीडीए और दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड को पहले पांच और बाद में 50 जेजे क्लस्टरों में सर्वे की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे। इस पूरी कवायद से करीब चार लाख लोगों को लाभ पहुंचाने की योजना है। इंदिरा कल्याण विहार में शुरू हुआ सर्वे इसी बड़े पुनर्वास कार्यक्रम का शुरुआती चरण है। सर्वे में जुटाए गए आंकड़ों और दस्तावेजों के आधार पर पात्र परिवारों की पहचान होगी। इसके बाद पुनर्वास की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

यह भी पढ़ें- राजधानी दिल्ली का एक ऐसा गांव, जहां ग्रामीणों को खुद देना पड़ता है ठीकरी पहरा; चोरों का बढ़ा आतंक