एक शहर, एक अखबार और 36 साल... दैनिक जागरण बना दिल्लीवासियों की सबसे मुखर और भरोसेमंद आवाज
दैनिक जागरण ने 1990 से दिल्ली की 36 वर्षों की यात्रा में शहर की उन्नति, प्रगति और बदलाव का वाहक बनकर दिल्लीवासियों की आवाज उठाई है।
-1784212407544_m.webp)
दैनिक जागरण ने 1990 से दिल्ली की आवाज उठाई। इमेज एआई
HighLights
दैनिक जागरण ने 1990 से दिल्ली की आवाज उठाई।
दिल्ली के विकास और बड़े बदलावों का वाहक बना।
शहर की हर खुशी-गम में भरोसेमंद साथी रहा।
नेमिष हेमंत, नई दिल्ली। वर्ष 1990 की दिल्ली, पुरानी यादों और नई उम्मीदों के बीच झूल रही थी। संकरी सड़कें, यातायात जाम, हवा में धूल और चिमनियों सी धुंआ उगलती डीजल बसें। यमुना प्रदूषित हो चली थी, नालों से गिरता जहरीला जल उसे विषाक्त बना रहा था।
धुंधली उम्मीदें और बढ़ता कश्मकश
हर ओर झुग्गी झोपड़ियों का घेरा कसता जा रहा था। दूसरे राज्यों से रोजगार की उम्मीद में आने वाले लोगों का कारवां बढ़ रहा था। उसके साथ कई नई अव्यवस्थित कालोनियां और झुग्गी बस्तियां आकार लेने लगी थी। दिल्ली वालों में कश्मकश तेज था। आकांक्षाएं, उम्मीदें और अरमान धुंधली सी थी।
ठीक उसी वर्ष हिंदी हृदय प्रदेश से दैनिक जागरण ने राष्ट्रीय राजधानी में कदम रखा और न सिर्फ खबरें लाया, बल्कि दिल्लीवासियों की मुखर आवाज बना। शहर की संकरी गलियों में पहुंच दिल्ली की हर सांस को अपने पन्नों में आवाज दी। अपने सात सरोकारों से दिल्ली को सकारात्मक विचार दिए। राष्ट्र, संस्कृति व राष्ट्रभाषा का चिंतन दिया।
36 वर्षाें की इस यात्रा में दैनिक जागरण दिल्ली की उन्नति, प्रगति और बदलाव का वाहक बना। दिल्ली और दैनिक जागरण दोनों ने एक-दूसरे को साकार-आकार देते रहे।
सपनों और संघर्षों का साथी
वर्ष 1990 का वह दौर दिल्ली अभी भी 1984 के सिख विरोधी दंगों और आपातकाल की छाया से उबर रही थी। तभी 1991 में आर्थिक उदारीकरण ने शहर को नई दिशा दी।
गुरुग्राम और नोएडा उभर रहे थे। जागरण उन छोटी-छोटी कालोनियों में गया, जहां लोग सपने बुन रहे थे। पर शिक्षा, रोजगार, आधारभूत संरचनाओं, यातायात, पेयजल, कानून व्यवस्था समेत जीवन व समाज को प्रभावित करने वाले हर मुद्दों पर चिंतित थे। अखबार ने उनकी व्यथा कथा सुनाईं।
वर्ष 1992 में बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद दंगे हुए, दिल्ली हिल गई। तब जागरण ने सत्य की राह पर चलते हुए शांति और एकता की अपील की। यही दौर था जब अखबार ने दिल्ली में अपनी विश्वसनीयता का बीज बोया।
बदलती दिल्ली का साक्षी
वर्ष 2002 में दिल्ली मेट्रो का पहला चरण शुरू हुआ। नीली लाइन ने शहर की रगों में नई जान डाली। लोग अब घंटों की यात्रा मिनटों में तय करने लगे। हवा में अब भी प्रदूषण था, लेकिन आशा बढ़ी। धीरे-धीरे, दैनिक जागरण के साथ दिल्ली बदलाव की ओर बढ़ता रहा। बड़ा बदलाव वर्ष 2010 में राष्ट्रमंडल खेल ने दिल्ली को पूरी तरह बदल दिया, एयरपोर्ट का नया टर्मिनल तीन, फ्लाइओवर, स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स, सड़कें चौड़ी हुईं। यमुना एक्सप्रेसवे की नींव पड़ी। ढांचागत विकास हुआ।
जागरण इन बदलावों का साक्षी, आवाज के साथ वाहक रहा। उसके पन्नों पर मेट्रो की सफलता, गेम्स की तैयारियां और आम आदमी की मुश्किलें छपीं। दिल्ली के विस्तार के साथ अखबार की पहुंच भी बढ़ी। प्रसार बढ़ा, पाठक बढ़े। डिजिटल युग की शुरुआत में जागरण ने जागरण.कॉम को मजबूत किया, ताकि युवा पीढ़ी भी जुड़ सके।
मुश्किल दौर में आशा की किरण
वर्ष 2011 के आम आदमी पार्टी के उदय और आंदोलनों ने राजनीति बदली। वर्ष 2020 के दंगे और कोरोना महामारी ने शहर को झकझोरा। जागरण ने उन दिनों में भी सच पहुंचाया। आक्सीजन की कमी, लाकडाउन की कहानियां और उम्मीद की किरणों से उस मुश्किल दौर में आशा बनी।
अब 36 साल में दिल्ली मेट्रो अब 300 किमी से लंबी, एयरपोर्ट विश्वस्तरीय, एक्सप्रेसवे, मल्टी-माडल ट्रांसपोर्ट, रेपिड रेल। आर्थिक उछाल में स्टार्टअप्स, आइटी हब, शिक्षा और स्वास्थ्य के नए केंद्र। भारत मंडपम, नई संसद, कर्तव्य पथ, डबल डेकर बसों से लेकर अब सीएनजी से आगे बढ़ते हुए ईवी बसें और अन्य वाहन। साथ में चांदनी चौक जैसे धरोहर क्षेत्रों को बढ़ावा। जी-20 के शिखर सम्मेलन समेत कई अंतरराष्ट्रीय आयोजनों का गवाह सब कुछ इस पन्ने में गुथी। इस बीच, चुनौतियां भी रहीं -प्रदूषण, यमुना की सफाई, यातायात और शहर का अनियोजित विकास।
जागरण इन सबके साथ खड़ा रहा। उसने दिल्ली की हर खुशी-गम को साझा किया। प्रतिभा सम्मान जैसे कार्यक्रमों से युवाओं को प्रोत्साहित किया, स्थानीय मुद्दों पर अभियान चलाए। यमुना व शहर की स्वच्छता से जोड़ा। लोगों की सुगम व सुरक्षित जीवन यात्रा को मिशन बनाया।
सिर्फ एक अखबार नहीं, दिल्ली की कहानी का जीवंत हिस्सा
आज 2026 में, जब दिल्ली स्मार्ट सिटी की ओर बढ़ रही है, जागरण डिजिटल और प्रिंट दोनों में दिल्लीवासियों का सबसे भरोसेमंद साथी है।
दैनिक जागरण सिर्फ अखबार नहीं, दिल्ली की कहानी का जीवंत हिस्सा है। यह वो साथी है जो सुबह सबसे पहले घर आता है, खबर लाता है, सवाल पूछता है, और उम्मीद जगाता है। जागरण का मूल मंत्र है- जागो, जागरण करो। दिल्ली की इस महान यात्रा में जागरण न सिर्फ गवाह बना, बल्कि उस बदलाव का हिस्सा भी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।