विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डाबड़ी-गुरुग्राम मार्ग पर खतरनाक हुआ सफर, जानलेवा हैं गड्ढे, कोहरे ने बढ़ाया हादसों का डर

Published: Tue, 03 Feb 2026 05:09 AM (IST)

पश्चिमी दिल्ली का डाबड़ी-गुरुग्राम मार्ग बदहाल है, जहाँ जानलेवा गड्ढे और घना कोहरा हादसों का खतरा बढ़ा रहे हैं। दिल्ली ...और पढ़ें

डाबड़ी-गुरुग्राम मार्ग इन दिनों बदहाल नजर आने लगा है।

डाबड़ी-गुरुग्राम मार्ग इन दिनों बदहाल नजर आने लगा है।

HighLights

  1. डाबड़ी-गुरुग्राम मार्ग पर जानलेवा गड्ढे और घना कोहरा।

  2. दिल्ली सरकार के अभियान के बावजूद मरम्मत से अछूता रहा।

  3. पंखा रोड मोड़ पर गड्ढे से लंबा जाम, दुर्घटना का डर।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली को गुरुग्राम से जोड़ने वाला व्यस्त डाबड़ी-गुरुग्राम मार्ग इन दिनों बदहाल नजर आने लगा है। बदहाल सड़क और ऊपर से दिन चढ़ने तक छाए रहने वाले घने कोहरे ने गड्ढों की समस्या को और जानलेवा बना दिया है। स्थिति यह है कि इस मार्ग पर सफर करना अब यात्रियों के लिए सुविधापूर्ण नहीं रहा।

यह हाल तब है जबकि दिल्ली सरकार ने पिछले माह ही पूरे दिल्ली सड़कों के गड्ढे भरने का अभियान चलाया था, पर इस अभियान से भी यह अछूता रह गया। हां कुछ स्थानों पर डामर के बजाय गड्डों में मलबा डालकर इस कार्य को पूरा कर लिया गया।

सड़क पर हर कुछ सौ मीटर की दूरी पर बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढे उभर आए हैं। कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने से ये गड्ढे अचानक सामने आते हैं। इनसे बचने के लिए जब चालक अचानक ब्रेक लगाता है, तो पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे वाहनों द्वारा टक्कर मार दिए जाने का खतरा हमेशा बना रहता है। इस मार्ग पर कभी भी गाड़ियों के आपस में टकराने (चेन रिएक्शन कोलिजन) जैसी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

सबसे बुरा हाल पंखा रोड मोड़ के पास है, जहां सड़क के एक बड़े हिस्से में गहरा गड्ढा हो जाने के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। इस गड्ढे के कारण गाड़ियों की रफ्तार थम सी गई है, जिससे लंबा जाम लग रहा है। पिछले दिनों हुई बारिश के दौरान इस गड्डे में पानी भर गया था, जिसने स्थिति को और बिगाड़ दिया था। सबसे ज्यादा खतरा बाइक और स्कूटर सवारों को है, जिनके इन गहरे गड्ढों में फिसलने का डर बना रहता है।

स्थानीय निवासियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण यह व्यस्त मार्ग अब हादसों का सबब बनता जा रहा है। यदि समय रहते मरम्मत न की गई, तो घने कोहरे के बीच यह एडवेंचर ट्रैक किसी बड़ी त्रासदी का कारण बन सकता है।

दिल्ली की एक अहम ट्रैफिक लाइफलाइन है डाबड़ी–गुरुग्राम मार्ग

डाबड़ी–गुरुग्राम मार्ग दक्षिण व पश्चिम दिल्ली की महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है, जो द्वारका स्थित डाबड़ी मोड़ से शुरू होकर गुरुग्राम के पालम विहार व आसपास के सेक्टरों को जोड़ते हुए एनएच-48 से मिलती है। इसकी कुल लंबाई लगभग 17 से 18 किलोमीटर है। यह मार्ग द्वारका, डाबड़ी, नजफगढ़ और आसपास के इलाकों के लाखों लोगों के लिए रोज़ाना आवागमन का प्रमुख साधन है। एनएच-48 पर जाम की स्थिति में यह एक वैकल्पिक कारिडोर की भूमिका निभाता है। साथ ही आइजीआइ एयरपोर्ट, गुरुग्राम के व्यावसायिक केंद्रों और आपात सेवाओं के लिए भी यह सड़क बेहद जरूरी मानी जाती है।

कोहरे में गड्ढे दिखते नहीं, अचानक ब्रेक लगाने पर पीछे वाली गाड़ी टकराने का डर रहता है। यह सड़क अब जानलेवा बन चुकी है। - कन्हैया लाल, वाहन चालक

सड़क के मोड़ पर बना गहरा गड्ढा हादसों को दावत दे रहा है। इस स्थान पर तीन रास्ते डाबड़ी गुरुग्राम मार्ग, पालम डाबरी मार्ग और पंखा रोड मलते हैं, ऐसे स्थान पर सड़क की ऐसी स्थिति परेशानी का सबब है। - इलियास, राहगीर